पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड: शादाब खान ने जड़ा पहला अंतरराष्ट्रीय शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शादाब खान ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के अहम मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (113*) खेली। यह उनके वनडे और अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 92 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत ही पाकिस्तान की टीम मुकाबले में एक विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही शादाब की पारी और साझेदारी?
पाकिस्तान को 242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 103 रन के कुल स्कोर पर छठा झटका लग गया था।
उसके बाद बल्लेबाजी पर आए शादाब ने हारिस रऊफ (7*) के साथ 10वें विकेट के लिए 80 गेंदों में 89 रन की साझेदारी करते हुए टीम को एक विकेट से जीत दिलाई।
इस दौरान उन्होंने अपना शतक भी पूरा किया। वह 96 गेंदों में 13 चौके और 5 छक्कों से 113 रन बनाकर नाबाद रहे।
रिकॉर्ड
नंबर-8 या उससे नीचे सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
नंबर 8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शादाब अब वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में आयरलैंड क्रिकेट टीम के सिमी सिंह (100* बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2021) और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के मेहदी हसन मिराज (100* बनाम भारत, 2022) को पीछे छोड़ दिया है।
इस सूची में इंग्लैंड के क्रिस वोक्स (95 * बनाम श्रीलंका, 2016) तीसरे नंबर पर हैं।
रिकॉर्ड
सफल लक्ष्य का पीछा करते हुए 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
शादाब और हारिस ने आखिरी विकेट के लिए नाबाद 89 रनों की साझेदारी की।
यह वनडे इतिहास में सफल लक्ष्य का पीछा करते हुए 10वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का नया विश्व रिकॉर्ड है।
उन्होंने वनडे विश्व कप 1975 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के डेरिक मरे और एंडी रॉबर्ट्स (64 रन) का 51 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
उनकी इस रिकॉर्ड पारी की बदौलत ही पाकिस्तान को मुकाबले में जीत नसीब हो सकी है।
उपलब्धि
शादाब ने पूरे किए 1,000 वनडे रन
इस शतकीय पारी के साथ के साथ शादाब ने अपने वनडे क्रिकेट करियर में 1,000 रन पूरे कर लिए।
अपनी पारी का 45वां रन बनाते ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
अब उनके 74 मैचों की 47 पारियों में 31.41 की औसत और 86.19 की स्ट्राइक रेट से 1,068 रन हो गए हैं। इसमें एक शतक के अलावा 5 अर्धशतक भी शामिल है।
इसी तरह वह इस प्रारूप में अब तक 67 चौके और 27 छक्के भी जड़ चुके हैं।