आज ही के दिन रोहित शर्मा ने लगाया था वनडे में अपना पहला दोहरा शतक

भारतीय क्रिकेट टीम के बेहतरीन बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 2 नवंबर, 2013 को वनडे मैचों में अपना पहला दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में उम्दा पारी खेली थी। रोहित ने 158 गेंदों में 209 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 12 चौके और 16 छक्के लगाए थे। इसके साथ ही रोहित वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी बने थे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ऐसा कर चुके थे।
सीरीज के अंतिम मैच में ऑस्टेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। रोहित के दोहरे शतक की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 383/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। रोहित के अलावा शिखर धवन (60 रन, 57 गेंद) और एमएस धोनी (62 रन, 38 गेंद) ने अर्धशतकीय पारियां खेली थी। जवाब में ऑस्ट्रलिया 326 रनों पर ही सिमट गई थी। मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा ने 3-3 विकेट झटके थे।
सात मैचों की सीरीज का पहला वनडे जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने जीत से आगाज किया था। वहीं दूसरे मैच में भारत ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी। तीसरे मैच को मेहमान टीम ने चार विकेट से जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल की। चौथा और पांचवा वनडे बारिश के कारण धुल गया, जो क्रमशः रांची और कटक में खेला जाना था। अंतिम दोनों मैचों को जीतकर भारत ने पलटवार किया और सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।
रोहित ने वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक लगाए हैं। ऐसा कारनामा करने वाले वह विश्व के इकलौते बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रलिया के अलावा उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दो दोहरे शतक लगाए हैं। रोहित ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी खेली थी जो कि वनडे क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। रोहित ने अपना तीसरा दोहरा शतक भी श्रीलंका के खिलाफ ही जड़ा था। उन्होंने 2017 में मोहाली में 208 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
वनडे में दोहरा शतक लगाने वालों की सूचि में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा रहा है। अब तक तीन भारतीय बल्लेबाज यह कीर्तिमान हासिल कर चुके हैं। वनडे में अब तक सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, क्रिस गेल, मार्टिन गुप्टिल और फखर जमान ने दोहरे शतक जड़े हैं। वनडे में पहली बार दोहरा शतक सचिन तेंदुलकर ने लगाया था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2010 में 200 रनों की नाबाद पारी खेली थी।