Page Loader
महेंद्र सिंह धोनी ने आज ही के दिन कहा था टेस्ट को अलविदा, जानिए उनके आंकड़े
महेंद्र सिंह धोनी ने लिया था संन्यास (तस्वीर: एक्स/@ICC)

महेंद्र सिंह धोनी ने आज ही के दिन कहा था टेस्ट को अलविदा, जानिए उनके आंकड़े

Dec 30, 2023
01:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आज ही के दिन 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। हालांकि, इसके बाद वह वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलते रहे थे। उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट खेला था। इस मैच की पहली पारी में उन्होंने 23 गेंदों पर 11 रन और दूसरी पारी में 39 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए थे। यह मुकाबला ड्रॉ रहा था।

प्रदर्शन

टेस्ट में धोनी का प्रदर्शन

धोनी ने दिसंबर, 2005 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ चेन्नई में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने अपने करियर में खेले 90 टेस्ट की 144 पारियों में 4,876 रन बनाए। इस दौरान उनकी औसत 38.09 की और स्ट्राइक रेट 59.11 की रही। उन्होंने क्रिकेट के इस सबसे बड़े प्रारूप में 33 अर्धशतक और 6 शतक लगाए। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर 224 रन है। वह टेस्ट में 14वें सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।

प्रदर्शन

धोनी हैं भारत के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान

धोनी भारत के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 60 टेस्ट में 27 जीते और 18 में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा 15 मुकाबले ड्रॉ भी रहे। भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान विराट कोहली हैं। कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने खेले 68 में से 40 टेस्ट मुकाबले जीते। इसके अलावा टीम को 17 में हार नसीब हुई। साथ ही 11 मैच ड्रॉ पर भी समाप्त हुए।