Page Loader
वनडे विश्व कप 2023: भारतीय टीम को बड़ा झटका, शुभमन गिल रिटायर्ड होकर बाहर गए 
शुभमन गिल हुए चोटिल (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

वनडे विश्व कप 2023: भारतीय टीम को बड़ा झटका, शुभमन गिल रिटायर्ड होकर बाहर गए 

Nov 15, 2023
03:54 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल हैमस्ट्रिंग के चलते मुकाबले से बाहर चले गए हैं। उन्होंने 65 गेंदों पर 79 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के भी लगाए। रिटायर्ड हर्ट होने से पहले तक गिल और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी हुई। अब विराट का साथ देने के लिए श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए हैं।

प्रदर्शन

टूर्नामेंट में गिल का प्रदर्शन

टूर्नामेंट में गिल का प्रदर्शन इससे पहले कुछ खास नहीं रहा। डेंगू के कारण वह शुरुआती 2 मुकाबले नहीं खेल सके थे। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे मैच में उन्होंने 11 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली थी। बांग्लादेश के खिलाफ चौथे मैच में उन्होंने 53 रन, न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 रन और इंग्लैंड के खिलाफ 9, श्रीलंका के खिलाफ 92, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 23 और नीदरलैंड के खिलाफ 51 रन बनाए थे।

प्रदर्शन

वनडे में गिल का प्रदर्शन

24 साल के बल्लेबाज गिल ने अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज साल 2019 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। उन्होंने अब तक 42 मैचों की इतनी ही पारियों में 60.75 की औसत और 103.06 की स्ट्राइक रेट से 2,187 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में 208 के उच्चतम स्कोर के साथ उनके नाम 6 शतक दर्ज हैं। उनके नाम एक दोहरा शतक भी दर्ज है। उन्होंने टेस्ट में 966 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 304 रन बनाए हैं।