Page Loader
वनडे विश्वकप 2023: दिलशान मदुशंका ने वनडे करियर में पहली बार चटकाए 5 विकेट, जानिए आंकड़े
भारत के खिलाफ दिलशान मदुशंका ही श्रीलंका की ओर से प्रभाव छोड़ने में कामयाब रहे (तस्वीर: एक्स/@ICC)

वनडे विश्वकप 2023: दिलशान मदुशंका ने वनडे करियर में पहली बार चटकाए 5 विकेट, जानिए आंकड़े

Nov 02, 2023
05:57 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 33वें मुकाबले में गुरुवार को श्रीलंका क्रिकेट टीम के गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। उन्होंने यादगार प्रदर्शन करते हुए 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। यह उनके वनडे करियर का पहला 5 विकेट हॉल है। इसके साथ ही वह श्रीलंका की ओर से विश्व कप में भारत के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए। आइए मदुशंका के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

ऐसा रहा मदुशंका का प्रदर्शन 

मदुशंका ने अपने स्पैल में 8.00 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 80 रन खर्च कर 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। मदुशंका ने काफी खतरनाक दिख रहे शुभमन गिल (92) और विराट कोहली (88) को आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। इसके अलावा उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा (4), सूर्यकुमार यादव (12) और श्रेयस अय्यर (88) को भी अपना शिकार बनाया। मदुशंका के अलावा अन्य श्रीलंकाई गेंदबाज इस मुकाबले में अपना प्रभाव नहीं छोड़ पाए।

जानकारी

मदुशंका के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

मदुशंका वनडे विश्व कप में 5 विकेट लेते हुए दूसरे सबसे अधिक रन देने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस सूची में पहले नंबर पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के गेंदबाज आदिल राशिद हैं। उन्होंने 2019 संस्करण में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5/85 रन लुटाए थे।

रिपोर्ट

मदुशंका इस विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज 

ऐसा नहीं है कि मदुशंका ने इस मैच में ही शानदार गेंदबाजी की है वह इस विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह अब तक 7 मैचों में 22.11 की औसत और 6.41 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट लिए हैं। उन्होंने 1 बार 5 विकेट हॉल और 1 बार 4 विकेट हॉल लिया है। इस विश्व कप में दूसरे सर्वाधिक विकेट संयुक्त रूप से एडम जैम्पा, शाहीन अफरीदी और मार्को येन्सन (16-16) ने लिए हैं।

रिपोर्ट

ऐसा रहा है मदुशंका का वनडे करियर 

23 साल के मदुशंका ने साल 2023 में भारतीय टीम के खिलाफ ही अपने वनडे करियर का आगाज किया था। बाएं हाथ के गेंदबाज मदुशंका ने अब तक 13 मैचों में 22.11 की औसत से 28 विकेट लिए हैं। इस फॉर्मेट में उनकी इकॉनमी रेट 5.84 की रही है। इससे पहले एक मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 49 रन देकर 4 विकेट लेना था। इसी विश्व कप में उन्होंने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ यह प्रदर्शन किया था।

रिपोर्ट

भारत ने श्रीलंका दिया 358 रन का लक्ष्य 

मदुशंका ने भले ही 5 विकेट लिए हों, लेकिन उनकी टीम के लिए इस मैच में चुनौती काफी बड़ी मिली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 357 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से गिल, कोहली और श्रेयस अर्धशतक जमाने में कामयाब रहे। श्रीलंका की ओर से मदुशंका के अलावा तेज गेंदबाज दुष्मंता चमीरा 1 विकेट लेने में कामयाब हो पाए।