ICC प्लेयर ऑफ द ईयर: 2021 के लिए जो रूट समेत ये खिलाड़ी हुए नामांकित

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2021 में बेस्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से चार लोगों को 'प्लेयर ऑफ द ईयर' अवार्ड के लिए चुना है। 24 जनवरी को इन चार में से किसी एक खिलाड़ी को यह अवार्ड मिलेगा। इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए जो रूट, केन विलियमसन, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिजवान को नामांकित किया गया है। रिजवान इसके अलावा 'टी-20 प्लेयर ऑफ द ईयर' अवार्ड के लिए भी नामांकित हुए हैं।
इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने इस साल 18 टेस्ट मैचों में 58.37 की औसत के साथ सबसे अधिक 1,855 रन बनाए हैं। इस साल रूट के बल्ले से छह शतक निकले हैं। उन्होंने गाले में श्रीलंका के खिलाफ 228 रनों की पारी के साथ साल की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने चेन्नई में भारत के खिलाफ 218 रनों की पारी खेली थी। भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी उन्होंने 564 रन बनाए थे।
पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने 2021 में खेले 36 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 22.20 की औसत के साथ 78 विकेट लिए जिसमें 51 रन देकर छह विकेट लेना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। 2021 में शाहीन ने 21 टी-20 मैचों में 23 विकेट लिए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने नौ मैचों में 17.06 की औसत के साथ 47 विकेट अपने नाम किए। खास तौर से टी-20 विश्व कप में उन्होंने काफी घातक गेंदबाजी की थी।
कीवी कप्तान केन विलियमसन 2021 में चोट से काफी अधिक परेशान रहे, लेकिन उन्हें जब भी मौका मिला तब उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। विलियमसन ने 2021 में खेले 16 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 43.31 की औसत के साथ 693 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक लगाया। 2021 में विलियमसन की कप्तानी में न्यूजीलैंड टेस्ट चैंपियनशिप के पहले संस्करण की विजेता बनी और उन्होंने टी-20 विश्व कप के फाइनल तक का सफर भी तय किया।
रिजवान इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 29 टी-20 में 73.66 की औसत से 1,326 रन बनाए हैं। रिजवान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल 1,000 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। इस साल खेले 44 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 56.32 की औसत के साथ 1,915 रन बनाए जिसमें दो शतक शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने विकेटों के पीछे 56 शिकार भी किए।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अच्छे प्रदर्शन के लिए टैमी बीअमाउंट, लिजेल ली, स्मृति मंधाना और गैबी लेविस को 2021 की 'विमेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर' अवार्ड के लिए नामांकित किया गया है।