न्यूजीलैंड बनाम भारत: ग्लेन फिलिप्स ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया, टी-20 में पूरे किए 400 छक्के
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। उन्होंने क्राइस्टचर्च में सीरीज में लगातार दूसरे टी-20 में अर्धशतक (70) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल 14वां और भारत के खिलाफ चौथा अर्धशतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 400 छक्के भी पूरे किए। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही फिलिप्स की पारी
न्यूजीलैंड ने जब 18 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब फिलिप्स क्रीज पर आए।
उन्होंने टीम को संकट से निकालने का प्रयास किया और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने बेवन जैकब्स के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की।
वह 43 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 70 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
अर्शदीप सिंह ने पारी के 18वें ओवर में उनका विकेट लिया।
छक्के
फिलिप्स ने पूरे किए अपने 400 छक्के
फिलिप्स ने 302 मैचों की 279 पारियों में टी-20 क्रिकेट में अपने 400 छक्के पूरे किए।
न्यूजीलैंड के केवल 3 अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 400 से ज्यादा छक्के लगाए हैं।
कॉलिन मुनरो (626), ब्रेंडन मैकुलम (485) और मार्टिन गुप्टिल (453) उनसे पहले ये मुकाम हासिल कर चुके हैं।
टी-20 क्रिकेट के बेहतरीन मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाजों में से एक फिलिप्स के नाम 570 से ज्यादा चौके भी दर्ज हैं।
करियर
शानदार है फिलिप्स का करियर
फिलिप्स ने फरवरी 2017 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
उन्होंने अब तक 99 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 87 पारियों में लगभग 33 की औसत और 144.68 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,438 रन अपने नाम किए हैं।
वह मार्टिन गुप्टिल (3,531) और केन विलियमसन (2,575) के बाद न्यूजीलैंड के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
जानकारी
न्यूजीलैंड ने बनाया चुनौतीपूर्ण स्कोर
एक समय न्यूजीलैंड ने 41 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद फिलिप्स और जैकब्स (58) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं और न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी के बाद 180/5 का स्कोर बनाया।