न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का अहम बयान, बोले-भुवनेश्वर कुमार उठा सकते हैं परिस्थितियों का फायदा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 मैच की टी-20 सीरीज का पहला मैच खेलना है। इस सीरीज में लम्बे समय के बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार भी खेलते हुए नजर आएंगे। इस सीरीज से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भुवनेश्वर को लेकर अहम बयान दिया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
भुवनेश्वर पेश करेंगे बड़ी चुनौती- सैंटनर
सैंटनर ने भुवनेश्वर की काबिलियत बताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड की ये परिस्थितियां भुवी को पसंद आएंगी। अगर पिच में थोड़ी भी मदद है, तो वह उसका फायदा जरूर उठाएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "भारत में भी जहां पिचें काफी सपाट होती हैं, वहां भी वह गेंद को स्विंग कराने और मूवमेंट देने में कामयाब रहते हैं। इसलिए यहां नई गेंद के साथ वह निश्चित रूप से एक बड़ी चुनौती साबित होंगे।"
बयान
भारत में एक गेंदबाज होना काफी चुनौतीपूर्ण- सैंटनर
सैंटनर ने भारत की पिचों से तुलना करते हुए कहा, "आजकल भारत में एक गेंदबाज होना काफी चुनौतीपूर्ण है, जैसा कि हमने हाल ही की सीरीज (वेस्टइंडीज के खिलाफ) में देखा, जहां 250 रन का लक्ष्य भी हासिल कर लिया गया था। ऐसे में भला कौन गेंदबाज बनना चाहेगा? इस बीच उन्हें (भुवनेश्वर को) न्यूजीलैंड में थोड़ा बेहतर लगेगा।"
बता दें कि भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली टी-20 सीरीज खेली थी, जिसमें भारतीय गेंदबाज बेहद महंगे साबित हुए थे।
आंकड़े
न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसे हैं भुवनेश्वर के आंकड़े?
भुवनेश्वर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 11 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 33.88 की औसत के साथ 9 विकेट लिए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 8.02 की रही है।
कीवी टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 24 रन देते हुए 2 विकेट लेना रहा है। उन्हें मौका मिलता है तो वह इन आंकड़ों में सुधार करना चाहेंगे।
इस टीम के विरुद्ध भुवनेश्वर ने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2022 में खेला था।
आंकड़े
न्यूजीलैंड में भुवनेश्वर ने खेले हैं 5 टी-20 मैच
न्यूजीलैंड में भुवनेश्वर ने 5 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 40.00 की औसत और 8.42 की इकॉनमी रेट के साथ 4 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12 रन देते हुए एक विकेट लेना रहा है।
भुवनेश्वर ने 88 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद 23.10 की औसत से 90 विकेट लिए हैं।
इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 7 से नीचे (6.96) रही है। अपने करियर में उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं।