Page Loader
नीरज चोपड़ा ने जीता ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2025 का खिताब
नीरज चोपड़ा ने जीता ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक का खिताब (तस्वीर: एक्स/@Neeraj_chopra1)

नीरज चोपड़ा ने जीता ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2025 का खिताब

Jun 24, 2025
11:51 pm

क्या है खबर?

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2025 में शीर्ष स्थान हासिल किया। 2 बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने इस प्रतियोगिता को 85.29 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने एक सप्ताह से भी कम समय में अपना दूसरा खिताब जीता। बता दें कि नीरज ने पिछले हफ्ते पेरिस डायमंड लीग का खिताब भी जीता था।

प्रदर्शन 

ऐसा रहा नीरज का प्रदर्शन 

नीरज ने अपने पहले प्रयास में फ़ाउल किया था। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 83.45 मीटर दूर भाला फेंका था। इसके बाद उन्होंने अपनी तीसरी कोशिश में 85.29 मीटर भाला फेंका। उनका यह प्रयास निर्णायक साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने क्रमशः 82.17 और 81.01 मीटर के प्रयास किए। चेक गणराज्य में आयोजित यह इवेंट 2025 एथलेटिक्स सीजन में नीरज का 5वां प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट था। इस टूर्नामेंट के निर्देशक नीरज के निजी कोच और भाला फेंक के दिग्गज जान जेलेजनी हैं।

स्थान 

एंडरसन पीटर्स ने हासिल किया तीसरा स्थान 

दक्षिण अफ्रीका के डौव स्मिथ इस स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 84.12 का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। नीरज के कड़े प्रतिद्वंदी एंडरसन पीटर्स ने तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 83.63 मीटर दूर भाला फेंकने में सफलता हासिल की। रियो ओलंपिक 2016 में स्वर्ण पदक जीतने वाले थॉमस रोहलर ने छठा स्थान हासिल किया। वह एक भी प्रयास में 80 मीटर की दूरी को नहीं छू सके।

जीत 

नीरज ने जीती थी पेरिस डायमंड लीग

नीरज ने बीते शुक्रवार (20 जून) को पेरिस डायमंड लीग जीत ली थी, जो 2025 सीजन का उनका पहला खिताब था। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 88.16 मीटर की थ्रो के साथ जूलियन वेबर की चुनौती को पार करने में कामयाबी हासिल की थी। इससे पहले उन्होंने हाल ही में दोहा डायमंड लीग 2025 में इतिहास रचते हुए पहली बार 90 मीटर (90.23) की दूरी को पार करने में सफलता हासिल की थी।