
नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में किया प्रवेश
क्या है खबर?
भारतीय स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने टोक्यो में जारी विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने क्वालिफाइंग राउंड के अपने पहले ही प्रयास में 84.85 मीटर दूर भाला फेंकते हुए खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। बता दें कि क्वालिफिकेशन के लिए न्यूनतम 84.50 मीटर का मार्क निर्धारित था और गत विजेता ने इस बाधा को आसानी से पार किया। वह फाइनल जीतने के प्रमुख दावेदार हैं।
उपलब्धि
क्वालिफिकेशन राउंड को पहले ही प्रयास में पार करते हैं नीरज
नीरज क्वालिफिकेशन राउंड को अपने पहले ही प्रयास में पार करने के लिए विश्व भर में जाने जाते हैं। उन्होंने 2021 के टोक्यो ओलंपिक में भी पहले ही प्रयास में फाइनल का टिकट हासिल किया और स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 2024 के पेरिस ओलंपिक में भी क्वालिफिकेशन राउंड को पहले ही थ्रो में पार किया और रजत अपने नाम किया था। वह 2022 और 2023 के विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी ऐसा कर चुके हैं।
खिताब
अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे नीरज
नीरज विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का खिताब सिर्फ 1 बार जीत चुके हैं। उन्होंने 2023 में शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि 2022 में वह दूसरे स्थान पर रहे थे। वह पिछले महीने डायमंड लीग का खिताब नहीं जीत सके थे। इस भारतीय दिग्गज ने 85.01 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। जर्मनी के जूलियन वेबर 91.51 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ शीर्ष पर रहे थे।