Page Loader
IPL के इतिहास में 250 मैच खेलने वाली पहली टीम बनी मुंबई इंडियंस, जानिए आंकड़े 
MI ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL के इतिहास में 250 मैच खेलने वाली पहली टीम बनी मुंबई इंडियंस, जानिए आंकड़े 

Apr 01, 2024
11:04 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए अब तक कुछ भी खास नहीं रहा है। टीम सीजन के अपने पहले 3 मुकाबले हार चुकी है। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इस फ्रेंचाइजी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। टीम IPL इतिहास की पहली फ्रेंचाइजी बनी है, जिसने 250 मुकाबले खेले हैं। IPL में 5 बार ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी इस टीम के आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

मैच

अब तक कैसा रहा है MI का प्रदर्शन?

MI ने अब तक 250 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को 138 मैच में जीत मिली है और 108 मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम की जीत प्रतिशत 55 से ज्यादा है। MI IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम भी है। दूसरे स्थान पर 133 जीत के साथ चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) है। तीसरे स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) है, जिन्होंने 121 मुकाबले अपने नाम किए हैं।

ट्रॉफी

संयूक्त रूप से जीती है सबसे ज्यादा ट्रॉफी 

MI और CSK IPL में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 बार ट्रॉफी अपने नाम करने वाली टीमें हैं। MI ने साल 2013,2015, 2017, 2019 और 2020 में यह कारनामा किया था। इन सभी मौको पर टीम के कप्तान रोहित शर्मा थे अब टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं। CSK ने साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में इस ट्रॉफी को अपने नाम किया था। इन मौकों पर टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे।

विकेट

इन गेंदबाजों ने झटके हैं सबसे ज्यादा विकेट 

लसिथ मलिंगा इस फ्रेंचाइजी के लिए IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह 2009 से 2019 तक MI के लिए खेले थे। उन्होंने 122 मैच में 19.80 की औसत से 170 विकेट झटके थे। जसप्रीत बुमराह इस टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने IPL में अब तक 123 मैच खेले हैं। इस दौरान 23.29 की शानदार औसत के साथ 148 विकेट अपने नाम किए हैं।

रन

इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

रोहित इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने MI के लिए पहला मुकाबला साल 2011 में खेला था। अब तक वह 246 मुकाबले खेल चुके हैं और 28 बार नाबाद रहते हुए 6,280 रन अपने नाम किए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 130.34 की रही है। MI के पूर्व खिलाड़ी किरोन पोलार्ड दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 189 मैच में 28.67 की औसत और 147.32 की स्ट्राइक रेट से 3,412 रन बनाए थे।