LOADING...
इंडियन सुपर लीग: एटीके मोहन बागान को हराकर मुंबई सिटी ने पहली बार जीता खिताब

इंडियन सुपर लीग: एटीके मोहन बागान को हराकर मुंबई सिटी ने पहली बार जीता खिताब

लेखन Neeraj Pandey
Mar 13, 2021
10:18 pm

क्या है खबर?

मुंबई सिटी FC ने हीरो इंडियन सुपर लीग (ISL) 2021 के फाइनल में एटीके मोहन बागान को 2-1 से हराते हुए पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया है। मुंबई पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। इस जीत के साथ ही मुंबई टेबल में सबसे ऊपर रहने के बाद खिताब भी जीतने वाली लीग की दूसरी टीम बन गई है। मुंबई के लिए बिपिन सिंह ने 90वें मिनट में विजयी गोल दागा।

ट्विटर पोस्ट

मुंबई ने जीता पहला खिताब

लेखा-जोखा

इस तरह का रहा फाइनल मुकाबला

पहले हाफ के 18वें मिनट में डेविड विलियम्स ने गोल दागकर एटीके को बढ़त दिलाई थी। 29वें मिनट में एटीके के खिलाड़ी लुइस एस्पिनोसा से गलती हुई और आत्मघाती गोल के रूप में उन्होंने मुंबई के लिए स्कोर बराबर करा दिया। 90 मिनट के नियमित समय की समाप्ति के समय तक स्कोर 1-1 से बराबर था और मैच अतिरिक्त समय में जाता दिख रहा था, लेकिन बिपिन ने 90वें मिनट में गोल दागकर मुंबई की जीत निश्चित कर दी।

Advertisement

सर्जियो लोबेरा

लोबेरा ने पहली बार हासिल किया विनर्स मेडल

FC गोवा छोड़कर इस सीजन मुंबई आने वाले कोच सर्जियो लोबेरा ने पहली बार ISL खिताब जीतने में सफलता हासिल की है। इस सीजन एंटोनियो हबास की एटीके मोगन बागान एक भी बार मुंबई को नहीं हरा सकी। हबास को पहली बार ISL फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। पिछले सीजन उन्होंने एटीके को चैंपियन बनाया था और इस सीजन मोहन बागान के साथ मिलने के बाद टीम एटीके मोहन बागान के रूप में खेल रही थी।

Advertisement

अवार्ड विजेता

ये रहे सीजन के अवार्ड विजेता खिलाड़ी

23 मैचों में 14 गोल दागने वाले और उपविजेता रहने वाले एटीके के खिलाड़ी रॉय कृष्णा को हीरो ऑफ द लीग चुना गया है। 21 मैचों में 14 गोल दागने वाले गोवा के इगोर अंगुलो को गोल्डेन बूट अवार्ड दिया गया है। एटीके के गोलकीपर अरिंदम भट्टाचार्य को गोल्डन ग्लव अवार्ड दिया गया है। उन्होंने 23 मैचों में 10 क्लीन शीट हासिल किए। अल्बर्टो नोग्वेरा को विनिंग पास ऑफ द लीग का अवार्ड दिया गया।

क्या आप जानते हैं?

एटीके ने पहली बार गंवाया ISL फाइनल

2014, 2016 और 2020 में दो बार ISL खिताब जीत चुकी एटीके ने पहली बार फाइनल में हार झेली है। इस सीजन से पहले उन्होंने मोहन बागान के साथ मर्जर किया था और एटीके मोहन बागान फाइनल तक पहुंची थी।

Advertisement