Loading...
न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए चयन की दौड़ में शामिल हुए मुकेश कुमार और आकाश दीप
मुकेश कुमार को न्यूजीलैंड दौरे पर मौका मिल सकता है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए चयन की दौड़ में शामिल हुए मुकेश कुमार और आकाश दीप

Oct 05, 2026
12:26 pm

क्या है खबर?

ईरानी कप में शानदार प्रदर्शन के बाद तेज गेंदबाज मुकेश कुमार न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए चयन की दौड़ में शामिल हो गए हैं। उनके साथ आकाश दीप भी 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए प्रमुख दावेदार नजर आ रहे हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स ने पहले ही न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम में आकाश दीप के संभावित चयन के संकेद दिए थे। अब दोनों गेंदबाजों पर चयनकर्ताओं की नजर है।

प्रबंधन

मुकेश को विकल्प के तौर पर देखा जा रहा

गौतम गंभीर की अगुआई वाला टीम प्रबंधन न्यूजीलैंड में भारत की जीत की उम्मीदों के लिए आकाश दीप को अहम मानता है।

अब यह भी सामने आया है कि चयनकर्ताओं से 32 वर्षीय तेज गेंदबाज मुकेश के नाम पर भी विचार करने को कहा गया है।

मुकेश ने जुलाई 2023 में डेब्यू किया था और उसके बाद 3 टेस्ट, 6 वनडे और 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अब टीम प्रबंधन उन्हें भी विकल्प के तौर पर देख रहा है।

प्रदर्शन

चयन समिति को अपनी राय दे सकते हैं गंभीर 

बंगाल के दोनों तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन पर मुख्य कोच गंभीर की नजर रही। दोनों ने रविवार (4 अक्टूबर) को श्रीनगर में ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की शानदार वापसी वाली जीत में अहम भूमिका निभाई।

क्रिकबज के अनुसार, गंभीर प्रज्ञान ओझा की अगुआई वाली चयन समिति को अपनी राय दे सकते हैं।

मुकाबले में आकाश दीप ने 6 विकेट लिए, जबकि मुकेश ने 8 विकेट चटकाए।

रेस्ट ऑफ इंडिया ने यह मुकाबला 167 रन से जीता।

ADVERTISEMENT

अनुभवी

प्रसिद्ध कृष्णा की वापसी भी है संभव 

जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़ के साथ इन दोनों अनुभवी तेज गेंदबाजों को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 16 या 17 सदस्यीय टीम में जगह मिल सकती है।

प्रसिद्ध कृष्णा के भी ऑकलैंड जाने की संभावना है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

हाल ही में उनकी हैमस्ट्रिंग में लगी चोट को इतना गंभीर नहीं माना जा रहा है कि उन्हें न्यूजीलैंड दौरे से बाहर रखा जाए।

ADVERTISEMENT

फिट

केवल टेस्ट सीरीज में खेल सकते हैं कृष्णा 

न्यूजीलैंड दौरे पर 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर के बीच 5 टी-20 और 5 वनडे के अलावा 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।

टेस्ट मैच अंतिम चरण में होंगे। ऐसे में उम्मीद है कि हाल के समय में सभी प्रारूप खेल रहे कृष्णा टेस्ट सीरीज तक फिट हो सकते हैं, भले ही वह सीमित ओवरों के मुकाबलों के लिए उपलब्ध न हों।

हालांकि, उनका चयन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से फिटनेस मंजूरी मिलने पर ही निर्भर करेगा।

समाप्त

अजीत अगरकर की जगह लेंगे प्रज्ञान 

अजीत अगरकर का मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्यकाल रविवार को आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ उनका अनुबंध पूरा हो गया है और बोर्ड ने फिलहाल अंतरिम व्यवस्था की है।

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम चुनने के लिए चयन समिति की बैठक अगले सप्ताह होने की संभावना है।

इस बैठक की जिम्मेदारी प्रज्ञान संभालेंगे। समिति न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 टीमों पर विचार करेगी।

ADVERTISEMENT