
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बिना शतक जड़े सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में शतक जमाना हर बल्लेबाज का सपना होता है, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्होंने कभी तिहरा अंक नहीं छुआ फिर भी ढेर सारे रन बना डाले। यह कारनामा उनके जज्बे, तकनीक और संघर्ष की मिसाल है। बिना शतक जड़े इतने रन बनाना बताता है कि टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ शतक ही नहीं, बल्कि निरंतरता और धैर्य भी मायने रखता है। ऐसे में आइए बिना शतक जड़े सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
शेन वॉर्न (3,154 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व महान खिलाड़ी शेन वॉर्न हैं। उन्होंने 145 टेस्ट की 199 पारियों में 17.32 की औसत से 3,154 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99 रन रहा। वॉर्न अपने टेस्ट करियर में 17 बार नाबाद भी रहे। इस खिलाड़ी ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 1992 में खेला था। आखिरी बार वह 2007 में खेलते हुए नजर आए थे।
#2
निरोशन डिकवेला (2,757 रन)
दूसरे स्थान पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला हैं। उन्होंने अपना पहला टेस्ट साल 2014 में खेला था। आखिरी बार वह 2023 में टेस्ट मैच खेलते नजर आए थे। उसके बाद वह टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने श्रीलंका के लिए 54 मुकाबले खेले हैं और इसकी 96 पारियों में 30.97 की औसत से 2,757 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 22 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन रहा है।
#3
मिचेल स्टार्क (2,322 रन)
मिचेल स्टार्क इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस स्टार खिलाड़ी ने अपना पहला मुकाबला 2011 में खेला था। उन्होंने अब तक 100 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 147 पारियों में 20.19 की औसत से 2,322 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99 रन रहा है। स्टार्क अपने टेस्ट करियर में 32 बार नाबाद रहे हैं। उनके बल्ले से 232 चौके और 49 छक्के निकले हैं।
#4
टिम सउथी (2,245 रन)
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी टिम साउथी इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2008 में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। आखिरी बार वह 2024 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 107 टेस्ट मैच की 156 की पारियों में 15.48 की औसत से 2,245 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77* रन रहा था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 215 चौके और 98 छक्के लगाए थे।