Page Loader
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30 साल की उम्र के बाद सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
रोहित शर्मा ने 30 साल की उम्र के बाद 36 शतक लगाए (तस्वीर: एक्स/@ICC)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30 साल की उम्र के बाद सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

Jul 19, 2025
07:48 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट की दुनिया में उम्र को अक्सर प्रदर्शन की दीवार माना जाता है, लेकिन कुछ बल्लेबाजों ने 30 साल की उम्र के बाद अपने करियर की नई ऊंचाइयां छुईं। टेस्ट क्रिकेट, टी-20 या फिर वनडे क्रिकेट में इस उम्र तक कई खिलाड़ियों का बल्ला शांत हो जाता है। हालांकि, कई बल्लेबाज ऐसे हैं जिनकी चमक फीकी नहीं पड़ी, बल्कि उनका प्रदर्शन और निखरा। आइए 30 की उम्र के बाद सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

कुमार संगाकारा (43 शतक) 

कुमार संगाकारा ने 30 साल की उम्र के बाद अपने करियर का स्वर्णिम दौर देखा। श्रीलंका क्रिकेट टीम के इस महान बल्लेबाज ने इस उम्र के बाद 43 अंतरराष्ट्रीय शतक ठोककर साबित किया कि अनुभव और तकनीक का मेल युवा जोश पर भारी पड़ता है। उन्होंने अपने करियर में 594 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 46.77 की औसत के साथ 28,016 रन बनाने में कामयाब रहे। उनके बल्ले से 63 शतक और 153 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 319 रन रहा।

#2

मैथ्यू हेडन, रिकी पोंटिग और रोहित शर्मा (36 शतक) 

30 साल की उम्र के बाद मैथ्यू हेडन, रिकी पोटिंग और रोहित शर्मा ने भी बल्ले से गजब का जलवा बिखेरा। इन तीनों दिग्गजों ने संयुक्त रूप से 36-36 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़कर साबित किया कि उम्र बढ़ने के साथ बल्लेबाज और निखरता है। पोंटिग ने 560 अंतरराट्रीय मुकाबलों में 45.95 की शानदार औसत के साथ 27,483 रन बनाए थे। रोहित के बल्ले से 499 मुकाबलों में 19,700 रन निकले हैं। हेडन ने 273 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 15,066 रन बनाए थे।

#3

सचिन तेंदुलकर (35 शतक) 

भारतीय क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर सूची में तीसरे स्थान पर हैं। 30 साल की उम्र के बाद भी उनका बल्ला उतनी ही मजबूती से चला और उन्होंने 35 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े। तेंदुलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 664 मैचों की 782 पारियों में 48.52 की उम्दा औसत के साथ 34,357 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 100 शतक और 164 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 248* रन था।

#4

तिलकरत्ने दिलशान (34 शतक) 

श्रीलंका के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। 30 साल की उम्र के बाद उन्होंने 34 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाकर अपनी तकनीक और आक्रामक खेल का लोहा मनवाया था। दिलशान ने 497 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे और इसकी 527 पारियों में 38.16 की औसत से 17,671 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 39 शतक और 83 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 193 रन था।