Page Loader
IPL: 2014 में थे पर्पल कैप विजेता, 2022 में बने गुजरात के नेट गेंदबाज
तस्वीर- Instagram/mohitsharma18

IPL: 2014 में थे पर्पल कैप विजेता, 2022 में बने गुजरात के नेट गेंदबाज

लेखन Neeraj Pandey
Mar 20, 2022
04:31 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से कई खिलाड़ी चमके हैं और कई ऐसे भी रहे हैं जो चमकने के बाद दोबारा कहीं खो गए हैं। कुछ ऐसा ही हाल भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा की भी हुआ है। भारत के लिए 26 वनडे खेल चुके मोहित वर्तमान सीजन में गुजरात टाइटंस के नेट गेंदबाज हैं। 2014 में पर्पल कैप जीतने वाले मोहित को इस सीजन कोई खरीदार नहीं मिला था।

2013

2013 में मोहित ने किया था IPL में धमाकेदार आगाज

मोहित ने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपना IPL करियर शुरु किया था। स्लोवर गेंदों के लिए मशहूर शर्मा ने पहले सीजन में ही 15 मैचों में 20 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर दी थी। इस शानदार प्रदर्शन के बाद उसी साल उन्हें भारत के लिए वनडे डेब्यू करने का भी मौका मिला था। अगस्त 2013 में उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था।

2014

2014 में जीता था पर्पल कैप

2014 सीजन में मोहित का प्रदर्शन और अच्छा रहा और सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। मोहित ने 16 मैचों में सबसे अधिक 23 विकेट चटकाए थे। इस दौरान 14 रन देकर चार विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था। लगातार दो सीजन अच्छा प्रदर्शन करने के बाद 2014 में उन्होंने भारत के लिए अपना टी-20 डेब्यू भी किया था। वह 2014 में खेले टी-20 विश्व कप में भी भारतीय टीम में शामिल थे।

करियर

ऐसा रहा है मोहित का अंतरराष्ट्रीय और IPL करियर

33 साल के मोहित ने अब तक खेले 86 IPL मैचों में 26.85 की औसत के साथ 92 विकेट लिए हैं। लीग में उनकी इकॉनमी 8.45 की रही है। अक्टूबर 2015 में आखिरी बार भारत के लिए खेलने वाले मोहित ने 26 वनडे मैचों में 31 और आठ टी-20 मैचों में छह विकेट लिए हैं। वनडे में 22 रन देकर चार और टी-20 में 28 रन देकर दो विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

बरिंदर सरन

सरन भी होंगे गुजरात के नेट गेंदबाज

भारत के लिए छह वनडे और दो टी-20 मैच खेल चुके बरिंदर सरन भी गुजरात के नेट गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हैं। सरन ने आखिरी बार 2019 में IPL में हिस्सा लिया था। उन्होंने अब तक खेले 24 IPL मैचों में 18 विकेट लिए हैं। भारत के लिए सरन सात वनडे और छह टी-20 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला 2016 में खेला था।