Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का भारत के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? 
मिचेल स्टार्क अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का भारत के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? 

Nov 14, 2024
07:31 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों का चयन कर दिया गया है। कंगारू टीम ने तो पहले टेस्ट के लिए टीम का ऐलान भी कर दिया है। पहला टेस्ट पर्थ में खेला जाना है, यहां तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। ऐसे में मिचेल स्टार्क से भारतीय बल्लेबाजों को बचकर रहना होगा। आइए भारत के खिलाफ उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

भारत के खिलाफ कैसा रहा है स्टार्क का प्रदर्शन? 

भारत के खिलाफ स्टार्क ने पहला मुकाबला साल 2012 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 18 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 33 पारियों में 38.54 की औसत के साथ 48 विकेट लिए हैं। वह भारत के खिलाफ 1 बार भी 5 विकेट हॉल नहीं ले पाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/53 का रहा है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम (97) के खिलाफ स्टार्क ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं।

घरेलू 

घरेलू सरजमीं पर कैसा रहा है स्टार्क का प्रदर्शन?

ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर स्टार्क ने 50 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 97 पारियों में 26.28 की शानदार औसत के साथ 217 विकेट झटके हैं। उन्होंने 7 बार अपने घरेलू सरजमीं पर 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/66 का रहा है। ऑस्ट्रेलिया के बाद स्टार्क ने सबसे ज्यादा 60 विकेट इंग्लैंड की सरजमीं पर लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया में जो आखिरी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली गई थी, उसमे स्टार्क ने 40.73 की औसत से 11 विकेट लिए थे।

फॉर्म

इस साल कैसे हैं स्टार्क के आंकड़े?

स्टार्क ने साल 2024 में 5 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 10 पारियों में 32.25 की औसत से 16 विकेट लिए हैं। वह इस साल 1 बार भी 5 विकेट हॉल अपने नाम नहीं कर पाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/82 विकेट का रहा है। साल 2023 में स्टार्क ने 9 टेस्ट मैच खेले थे। इसकी 16 पारियों में 29.63 की औसत से 38 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/78 विकेट का रहा था।

करियर

स्टार्क के टेस्ट करियर पर एक नजर 

स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 89 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 170 पारियों में 27.74 की औसत से 358 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने 14 बार 5 विकेट हॉल और 20 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/50 का रहा है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस खिलाड़ी के नाम 141 मैच में 541 विकेट है।