Page Loader
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने मार्टिन गुप्टिल, जानें आंकड़े
टी-20 क्रिकेट के काफी सफल बल्लेबाज हैं मार्टिन गुप्टिल (तस्वीर: ट्विटर/ICC)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने मार्टिन गुप्टिल, जानें आंकड़े

लेखन Neeraj Pandey
Jul 28, 2022
01:12 pm

क्या है खबर?

बीती रात न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड को पहले टी-20 मुकाबले में 68 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज में बढ़त ले ली है। इस मैच में कीवी टीम के अनुभवी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने 40 रनों का अहम योगदान दिया था। इस पारी के साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आइए जानते हैं गुप्टिल द्वारा बनाए गए कुछ रिकॉर्ड्स।

रन

सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने गुप्टिल

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में गुप्टिल 116 मैचों की 112 पारियों में 32.37 की औसत के साथ 3,399 रन बना चुके हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा (3,379) को पीछे छोड़ा है और अब इस फॉर्मेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। गुप्टिल और रोहित के अलावा केवल विराट कोहली (3,308) ने ही इस फॉर्मेट में 3,000 या उससे अधिक रन बनाए हैं।

शतक

संयुक्त रूप से तीसरे सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं गुप्टिल

गुप्टिल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दो शतक लगाए हैं और संयुक्त रूप से तीसरे सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। गुप्टिल के अलावा आरोन फिंच, ब्रेंडन मैकुलम, क्रिस गेल, केएल राहुल और एविन लुईस ने भी इस फॉर्मेट में दो-दो शतक लगाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे अधिक शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है जिन्होंने इस फॉर्मेट में चार शतक लगाए हैं। ग्लेन मैक्सवेल और कॉलिन मुनरो अब तक तीन-तीन शतक लगा चुके हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

गुप्टिल ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 20 अर्धशतक लगाए हैं और इस फॉर्मेट में संयुक्त रूप से चौथे सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। कोहली ने इस फॉर्मेट में सबसे अधिक 30 अर्धशतक लगाए हैं।

बाउंड्री

गुप्टिल ने लगाए हैं सबसे अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय छक्के

गुप्टिल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक 169 छक्के लगाए हैं। गुप्टिल के बाद रोहित ने इस फॉर्मेट में दूसरे सबसे अधिक 157 छक्के लगाए हैं। चौके लगाने के मामले में गुप्टिल चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक 297 चौके लगाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे अधिक चौके लगाने का रिकॉर्ड पॉल स्टर्लिंग (332) के नाम है।