टी-20 विश्व कप 2022: दक्षिण अफ्रीका ने मार्को येन्सन को टीम में शामिल किया
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका ने टी-20 विश्व कप की टीम में मार्को येन्सन को जोड़ लिया है। उन्हें चोटिल ड्वेन प्रिटोरियस की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड (CSA) ने आधिकारिक तौर पर ये जानकारी दी है।
बता दें प्रिटोरियस भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के दौरान अपनी उंगली में चोट लगा बैठे थे और विश्व कप से बाहर हो गए थे।
इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिजर्व खिलाड़ी
लिजाड विलियम्स रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल हुए
CSA ने टीम अपडेट देते हुए लिखा, "मार्को येन्सन को विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने चोटिल ड्वेन प्रिटोरियस की जगह ली है।"
बता दें येन्सन रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल थे और भारत के खिलाफ हाल ही में सम्पन्न हुई वनडे सीरीज में खेले थे।
येन्सन के मुख्य टीम में जाने के बाद लिजाड विलियम्स को ट्रेवलिंग रिजर्व के तौर पर नामित कर लिया गया है।
टी-20 करियर
ऐसा रहा है येन्सन का टी-20 करियर
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज येन्सन ने अब तक सिर्फ एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है, जिसमें सिर्फ एक विकेट लिया था। उन्होंने इसी साल जून में भारत के खिलाफ राजकोट में अपना टी-20 पदार्पण किया था।
वहीं टी-20 करियर में उन्होंने 22 मैचों में 17 विकेट ले लिए हैं।
येन्सन इंडियन प्रीमियर (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेल चुके हैं।
इंजरी
विश्व कप से पहले चोट से जूझ रही है दक्षिण अफ्रीका
प्रिटोरियस विश्व कप से बाहर होने वाले दक्षिण अफ्रीका के दूसरे अहम खिलाड़ी बने थे। उन्हें भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले के दौरान यह चोट लगी थी। बाएं अंगूठे में लगी चोट के कारण अब उन्हें सर्जरी से गुजरना होगा।
उनसे पहले रासी वैन डर डूसेन भी अंगुली की चोट के कारण टीम में नहीं चुने गए थे। इन दोनों खिलाड़ियों का बाहर होना प्रोटियाज टीम के लिए बड़ा झटका है।
टीम
विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम
टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका अपने अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को करेगी। प्रोटियाज टीम को ग्रूप-2 में रखा गया है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, कगिसो रबाडा, एनरिक नोर्खिया, रीजा हेंड्रिक्स, केशव महाराज, हेनरिक क्लासेन, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, वेन पार्नेल, मार्को येन्सन, रिली रोसू, तबरेज शम्सी और ट्रिस्टन स्टब्स। रिजर्व: ब्योर्न फोर्टुइन, लिजाड विलियम्स और एंडिले फेहलुकवेओ।