LOADING...
मैनचेस्टर टेस्ट: गिल और राहुल ने कराई भारत की वापसी, ऐसा रहा चौथे दिन का खेल
केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

मैनचेस्टर टेस्ट: गिल और राहुल ने कराई भारत की वापसी, ऐसा रहा चौथे दिन का खेल

Jul 26, 2025
11:06 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट का चौथा दिन समाप्त हो गया है। भारत ने दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 174 रन बना लिए हैं। केएल राहुल (87*) और शुभमन गिल (78*) क्रीज पर मौजूद हैं। अभी टीम 137 रन पीछे है। इंग्लैंड की पहली पारी 669 रन पर खत्म हुई थी। भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे। चौथे दिन के खेल पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

चौथे दिन के खेल पर एक नजर

चौथे दिन इंग्लैंड ने 544/7 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। बेन स्टोक्स ने 141 रन की शानदार पारी खेली। ब्रायडन कार्स के बल्ले से 47 रन निकले। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने 143 रन खर्च करते हुए 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और क्रिस वोक्स ने यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम को कोई झटका नहीं लगा।

शतक

स्टोक्स ने टेस्ट करियर का 14वां शतक जड़ा 

स्टोक्स ने 198 गेंदों का सामना किया और 141 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 11 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 71.21 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ दूसरा शतक रहा, जिसे उन्होंने 164 गेंदों में पूरा किया। स्टोक्स ने साल 2023 के बाद पहली बार टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाया। उन्होंने इस दौरान क्रिकेट के सबसे बड़े प्रारूप में अपने 7,000 रन भी पूरे किए।

सूची

इस विशेष सूची में शामिल हुए स्टोक्स 

स्टोक्स 7,000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा करने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बने हैं। स्टोक्स से पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने 7,000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा किया था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 13,289 रन और 292 विकेट लिए हैं। उनसे पहले वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स ने यह कारनामा किया था। उन्होंने 8,032 रन और 235 विकेट अपने नाम किए हैं। ऐसे में स्टोक्स ऐसा करने वाले केवल तीसरे ऑलराउंडर है।

पारी

ऐसी रही गिल और राहुल की पारी 

गिल ने मैच में 167 गेंदों का सामना किया और 78 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। यह उनके टेस्ट करियर का 8वां और इंग्लैंड के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा। राहुल ने 210 गेंदों का सामना किया और 87 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके निकले। ये उनके टेस्ट करियर का 19वां और इंग्लैंड के खिलाफ चौथा अर्धशतक रहा। मैच के आखिरी दिन दोनों खिलाड़ी इस पारी को शतक में तब्दिल करना चाहेंगे।

रिकॉर्ड

गिल ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड 

इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में अब तक गिल ने 658 से ज्यादा रन बना लिए हैं और वह भारतीय कप्तानों द्वारा किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने 1978-79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे। गिल ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 655 रन बनाए थे।

जानकारी

गिल ने ये बड़ी उपलब्धि भी हासिल की 

भारतीय कप्तान गिल ने इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज में 650 से ज्यादा रन बनाकर इतिहास रच दिया है। वह ऐसा करने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ के 631 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।