LOADING...
टी-20 क्रिकेट: ग्लेन मैक्सवेल ने जड़ा शतक, रोहित शर्मा के बड़े रिकॉर्ड की कर ली बराबरी 
ग्लेन मैक्सवेल ने धमाकेदार पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@PeterDellaPenna)

टी-20 क्रिकेट: ग्लेन मैक्सवेल ने जड़ा शतक, रोहित शर्मा के बड़े रिकॉर्ड की कर ली बराबरी 

Jun 18, 2025
12:48 pm

क्या है खबर?

मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 के 8वें मुकाबले में वाशिंगटन फ्रीडम के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने शानदार शतकीय पारी (106) खेली। उन्होंने लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने टी-20 करियर का 8वां शतक जड़ा। रोहित शर्मा के भी टी-20 क्रिकेट में 8 शतक हैं। मैक्सवेल अब टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले संयुक्त रूप से 5वें खिलाड़ी बन गए हैं। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही मैक्सवेल की पारी 

वाशिंगटन फ्रीडम के 5 बल्लेबाज सिर्फ 92 रन पर पवेलियन लौट गए थे। यहां से मैक्सवेल ने पारी को संभाला और सिर्फ 49 गेंदों का सामना करते हुए 106 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 13 गगनचुंबी छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 216.33 की रही। उनकी इस धमाकेदार पारी के ही कारण उनकी टीम 20 ओवर में 208/5 का स्कोर बनाने में सफल रही। जवाब में नाइट राइडर्स की टीम सिर्फ 95 रन पर ही ऑलरआउट हो गई।

रिकॉर्ड

इस रिकॉर्ड की मैक्सवेल ने की बराबरी 

मैक्सवेल टी-20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से 5वें सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा, माइकल क्लिंगर, आरोन फिंच, डेविड वार्नर और जोस बटलर की बराबरी कर ली है। इन सभी खिलाड़ियों ने भी टी-20 क्रिकेट में 8-8 शतक लगाए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर क्रिस गेल हैं। उन्होंने अपने टी-20 करियर में 22 शतक लगाए हैं। दूसरे स्थान पर बाबर आजम हैं। उनके बल्ले से 11 शतक निकले हैं।

Advertisement

करियर

ऐसा रहा है मैक्सवेल का टी-20 करियर 

मैक्सवेल ने पहला टी-20 मुकाबला 2010 में खेला था। उन्होंने अब तक 469 मैच खेले हैं और इसकी 440 पारियों में 28.12 की औसत और 154.70 की स्ट्राइक रेट से 10,574 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 शतक के अलावा 57 अर्धशतक भी निकले हैं। मैक्सवेल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 154* रन रहा है। यह खिलाड़ी हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान चोटिल हो गया था। अब इस खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की है।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के लिए ऐसे हैं मैक्सवेल के आंकड़े 

मैक्सवेल ने हाल ही में वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब वह सिर्फ टी-20 क्रिकेट पर अपना ध्यान देना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए उन्होंने पहला मुकाबला साल 2012 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। अब तक उन्होंने 116 मुकाबले खेले हैं और इसकी 106 पारियों में 29.93 की औसत से 2,664 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 145* रन रहा है।

Advertisement