चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में इंग्लैंड द्वारा बनाए गए सबसे छोटे स्कोर पर एक नजर
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के 11वें मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम 179 रन पर ऑलआउट हो गई। ये इस टूर्नामेंट के इतिहास में उनका चौथा सबसे छोटा स्कोर है।
इंग्लैंड टूर्नामेंट के ग्रुप मुकाबलों से ही बाहर हो गई है। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ उसे 5 विकेट से हार मिली थी। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने उसे 8 रन से हराया था।
ऐसे में आइए चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के सबसे छोटे स्कोर पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
125 रन बनाम भारत
साल 2006 की चैंपियंस ट्रॉफी का 7वां मुकाबला भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। मैच में इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी।
उनका कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं लगा पाया था। पॉल कॉलिंगवुड ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए थे।
भारत के लिए मुनाफ पटेल और रमेश पोवार ने 3-3 विकेट लिए थे। भारतीय टीम को भी शुरुआती झटके लगे थे, लेकिन उसने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
#2
146 रन बनाम न्यूजीलैंड
2009 की चैंपियंस ट्रॉफी का 10वां मुकाबला इंग्लैंड न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने उतरी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड सिर्फ 146 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
कॉलिंगवुड ने उस मुकाबले में भी अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 40 रन बनाए थे। ग्रांट इलियट ने कीवी टीम के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके थे।
मार्टिन गुप्टिल (53) और ब्रेडन मैकुलम (48) की पारियों की मदद से न्यूजीलैडं को 4 विकेट से जीत मिली थी।
#3
169 बनाम ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड
2006 की चैंपियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड 169 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मिचेल जॉनसन और शेन वॉटसन ने 3-3 विकेट लिए थे।
जवाब में डेमियन मार्टिन (78) शानदार पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया वह मुकाबला 6 विकेट से जीत गई थी।
2013 में बारिश के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला 24 ओवर का हो गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 169 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड 24 ओवर में 159/8 रन ही बना पाई थी।
#4
179 बनाम दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के 11वें मुकाबले में इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करने उतरी। उनका कोई भी बल्लेबाज मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
जो रूट के बल्ले से सबसे बड़ी 37 रन की पारी निकली। जोफ्रा आर्चर ने 25 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को येन्सन और वियान मूल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए। केशव महाराज के खाते में 2 विकेट आए।