वर्ल्ड कप क्वालीफायर में हैट्रिक लगाकर पेले से आगे निकले मेसी, बनाया ये शानदार रिकॉर्ड
क्या है खबर?
अर्जेंटीनी दिग्गज लियोनल मेसी ने अपने शानदार करियर में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। बोलीविया के खिलाफ खेले गए साउथ अमेरिकन वर्ल्ड कप क्वालीफायर मुकाबले में मेसी ने शानदार हैट्रिक लगाते हुए अपनी टीम को 3-0 से जीत दिलाई।
इस हैट्रिक के साथ ही मेसी सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय गोल दागने वाले साउथ अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं। मेसी ने इस मामले में पूर्व ब्राजीली लेजेंड पेले को पीछे छोड़ दिया है।
उपलब्धि
पेले से आगे निकले मेसी
बोलीविया के खिलाफ तीन गोल के साथ ही मेसी के नाम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 79 गोल हो चुके हैं। मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 153 मुकाबले में ये गोल दागे हैं। दूसरी ओऱ पेले ने ब्राजील के लिए 92 मैचों में 77 गोल दागे हैं।
अब तक पेले सबसे अधिक गोल दागने वाले साउथ अमेरिकी खिलाड़ी थे। ब्राजील के स्टार नेमार ने 113 अपिएरेंस में 69 गोल दागे हैं।
हैट्रिक
मेसी ने लगाई करियर की 55वीं हैट्रिक
मेसी ने अपने करियर की 55वीं हैट्रिक लगाई है। वह फुटबॉल में दूसरे सबसे अधिक हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने सबसे अधिक हैट्रिक लगाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो (57) के करीब पहुंचने के लिए कदम तेज कर दिए हैं।
ला-लीगा में मेसी ने 36 हैट्रिक लगाए हैं और उन्होंने रोनाल्डो द्वारा ला-लीगा में लगाए गए 34 हैट्रिक के रिकॉर्ड के तोड़ा था। अर्जेंटीना के लिए यह उनकी सातवीं हैट्रिक है।
अन्य खिलाड़ी
इन साउथ अमेरिकी खिलाड़ियों ने भी दागे हैं 50 से अधिक गोल
मेसी, पेले और नेमार के अलावा भी साउथ अमेरिका में कुछ बेहतरीन गोल स्कोरर खिलाड़ी हैं। उरुग्वे के लिए खेलने वाले लुइस सुआरेज ने 123 मैचों में 64 गोल दागे हैं। ब्राजील के पूर्व दिग्गज रोनाल्डो के नाम 98 मैचों में 62 गोल दर्ज हैं।
इसके अलावा ब्राजील के रोमारियो (55), अर्जेंटीना के बतिस्तुता (54) और उरुग्वे के एडिंसन कवानी (53) 50 या उससे अधिक गोल दागने वाले साउथ अमेरिकी खिलाड़ी हैं।
गोल
मेसी ने पूरे किए अपने 750 गोल
इन तीन गोल के साथ ही मेसी ने अपने करियर में 750 गोल पूरे कर लिए हैं। वह अब तक 751 गोल दाग चुके हैं और ऐसा करने वाले केवल चौथे खिलाड़ी बने हैं।
मेसी के पास जल्द ही रोमारियो (753) को हटाकर लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल करने का मौका होगा। फिलहाल सबसे अधिक गोल के मामले में रोनाल्डो (785) पहले और पेले (765) दूसरे स्थान पर हैं।