संन्यास लेने जा रहे हैं दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस, प्रोफेशनल करियर को कहेंगे अलविदा
क्या है खबर?
भारत के महान टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस 46 साल के हो चुके हैैं और अभी भी लगातार कोर्ट पर अपना जलवा बिखेर रहे हैं।
पेस के प्रोफेशनल टेनिस छोड़ने पर लंबे समय से बात चल रही है और अब दिग्गज खिलाड़ी ने खुद इस पर बड़ी घोषणा की है।
क्रिसमस की बधाई देते हुए पेस ने यह भी घोषणा कर दी कि वह 2020 में प्रोफेशनल टेनिस करियर को खत्म करेंगे।
जानकारी
2020 होगा मेरा फेयरवेल ईयर- पेस
पेस ने अपने ट्वीट में लिखा, 'सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं। आप और आपके परिवार को अगले साल के लिए स्वास्थ्य, खुशियां और रोमांच की शुभकामना। मैं घोषणा करना चाहता हूं कि प्रो खिलाड़ी के रूप में 2020 मेरा फेयरवेल ईयर होगा।'
प्रो करियर
2020 में पेस को हो जाएंगे प्रो करियर में तीन दशक
कोलकाता में जन्में पेस के माता-पिता दोनों एथलीट थे और इसी कारण वह शुरुआती दिनों से ही खेल को लेकर गंभीर थे।
17 साल की उम्र में विंबल्डन जूनियर जीतने और वर्ल्ड जूनियर रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचने के बाद पेस ने सभी को प्रभावित कर दिया था।
1991 में प्रोफेशनल करियर शुरु करने वाले पेस के करियर को 2020 में तीन दशक पूरे हो जाएंगे।
रिकॉर्ड
लगातार सात ओलंपिक में खेलने वाले इकलौते टेनिस खिलाड़ी हैं पेस
पेस ने 1992 में पहली बार ओलंपिक में हिस्सा लिया था और फिर 2016 तक वह लगातार सात बार ओलंपिक में खेले।
पेस लगातार सात ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय हैं। इसके साथ ही वह ऐसा करने वाले दुनिया के इकलौते टेनिस खिलाड़ी भी हैं।
पेस अपने प्रोफेशनल करियर में 120 से ज़्यादा पुरुष खिलाड़ियों के साथ जोड़ी बनाकर पुरुष डबल्स में खेल चुके हैं।
टाइटल
पेस ने जीते हैं 66 प्रोफेशनल टाइटल
पेस ने अपने करियर में कुल 18 ग्रैंड स्लैम, आठ पुरुष डबल्स और 10 मिक्स्ड डबल्स, जीते हैं।
उन्होंने 1996 अटलांटा ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक भी जीता था।
पेस ने अपने करियर में कुल 66 प्रोफेशनल टाइटल जीते हैं।
पेस, पुरुष डबल्स और मिक्स्ड डबल्स दोनों में 8-8 बार उपविजेता भी रहे हैं।
पेस ने एशियाई खेलों में पांच स्वर्ण पदक और दो कांस्य पदक जीते हैं। 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने कांस्य पदक जीता था।
जानकारी
एक फिल्म में भी काम कर चुके हैं पेस
पेस ने 2013 में अपने एक्टिंग करियर का डेब्यू किया थ। उन्होंने अशोक कोहली की 'राजधानी एक्सप्रेस' फिल्म में केशव का किरदार निभाया था। यह फिल्म सामाजिक-राजनीतिक थ्रिलर थी।