Page Loader
बांग्लादेश बनाम श्रीलंका: कुसल मेंडिस अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े 
कुसल मेंडिस ने बांग्लादेश के खिलाफ छठा अर्धशतक लगाया (तस्वीर: एक्स/@ICC)

बांग्लादेश बनाम श्रीलंका: कुसल मेंडिस अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने से चूके, जानिए उनके आंकड़े 

Mar 09, 2024
04:47 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे तीसरे टी-20 मुकाबले में कुसल मेंडिस ने कमाल की पारी (86) की है। हालांकि, वह अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने से सिर्फ 14 रन से चूक गए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पहले गेंद से ही आक्रमक बल्लेबाजी की और उन्होंने बांग्लादेश के हर गेंदबाज के खिलाफ ताबड़तोड़ रन बनाए। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी 

कैसी रही मेंडिस की पारी और साझेदारी?

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। श्रीलंका टीम को पहला झटका सिर्फ 18 रन पर लग गया। धनंजय डी सिल्वा 8 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से मेंडिस ने पारी को संभाला और 55 गेंद में 86 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 156.36 की रही। मेंडिस ने कप्तान वनिंदु हसरंगा के साथ सिर्फ 31 गेंद में 59 रन की साझेदारी निभाई।

बांग्लादेश

बांग्लादेश के खिलाफ लगाया छठा अर्धशतक 

मेंडिस बांग्लादेश के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी करते हैं। उन्होंने अब तक इस टीम के खिलाफ 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इसकी 8 पारियों में उन्होंने 54.00 की उम्दा औसत के साथ 432 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 86 रन रहा है। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा रन इसी टीम के खिलाफ बनाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ मेंडिस ने पहला मुकाबला साल 2018 में खेला था।

करियर

मेडिंस के टी-20 करियर पर एक नजर 

मेंडिस ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2016 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 64 मुकाबले खेले हैं। इसकी 64 पारियों में उन्होंने 25.06 की औसत और 135.72 की स्ट्राइक रेट से 1,554 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 14 अर्धशतक निकले हैं। वह 2 बार श्रीलंका के लिए खेलते हुए नाबाद भी रहे हैं। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 134 मैच में 28.63 की औसत से 3,637 रन बनाए हैं।

रन

1,500 रन पूरे करने वाले तीसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज 

मेंडिस ने अपनी इस पारी के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1,500 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले तीसरे श्रीलंकाई खिलाड़ी बने हैं। वह इस सूची में तिलकरत्ने दिलशान (1,889) और कुसल परेरा (1677) के बाद तीसरे स्थान पर हैं। मेंडिस ने रनों के मामले में श्रीलंकाई दिग्गज महेला जयवर्धने (1,493) को पीछे छोड़ा है। वह क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में श्रीलंका के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।