Page Loader
IPL 2024: कौन हैं मल्लिका सागर, जो बनेंगी नीलामी कराने वाली पहली महिला?
19 दिसंबर को दुबई में होगी नीलामी

IPL 2024: कौन हैं मल्लिका सागर, जो बनेंगी नीलामी कराने वाली पहली महिला?

Dec 18, 2023
01:31 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की नीलामी 19 दिसंबर को दुबई में होनी है। यह पहला मौका होने जा रहा है, जब इसकी नीलामी दुबई में होगी। इस साल की नीलामी के लिए कुल 333 नामों को शामिल किया गया है, इसमें 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार नीलामीकर्ता मल्लिका सागर होंगी। हालांकि, इस पर आधिकारिक ऐलान होना बाकी है। आइए मल्लिका के बारे में विस्तार से जानते हैं।

नीलामी

मुंबई में एक आर्ट कलेक्टर हैं मल्लिका

मल्लिका मुंबई में एक आर्ट कलेक्टर हैं। स्पोर्टस्टार के मुताबिक, उन्होंने फिलाडेल्फिया के ब्रायन मावर कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद 2001 में उन्होंने क्रिस्टीज में भारतीय मूल की पहली महिला नीलामीकर्ता होने का अनूठा गौरव हासिल किया। उस समय उनकी उम्र 26 साल की थी। वह लम्बे समय से मुंबई में नीलामीकर्ता के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं और सम्भवतः IPL 2024 की नीलामी में अपने करियर में एक और उपलब्धि दर्ज करा लेंगी।

WPL 

WPL की नीलामी में भी मल्लिका आई थी नजर

हाल ही में 9 दिसंबर को विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी मुंबई में हुई थी, जिसमें मल्लिका ही नीलामी कराती हुई नजर आई थी। उससे पहले वह प्रो कबड्डी लीग (PKL) में भी खिलाड़ियों के नाम पर बोली लगवा चुकी हैं। उन्हें लगभग 2 दशक से ज्यादा नीलामी कराने का अनुभव है। अब तक IPL के इतिहास में कोई भी महिला नीलामीकर्ता नहीं हुई हैं और ऐसे में उनके पास इतिहास रचने का मौका होगा।

पिछले सीजन

पिछले सीजन में किसने कराई थी नीलामी?

IPL 2022 की नीलामी में ह्यूज एडमीड्स नीलामीकर्ता थे। वह नीलामी के दौरान बोली लगवाते हुए गश खाकर गिर पड़े थे। जिस समय वह जमीन पर गिरे उसी समय श्रीलंकाई ऑलराउंडर वनिंदु हसरंगा के लिए बोली लग रही थी। इसके बाद भारत के चारू शर्मा ने बची हुई नीलामी को पूरा किया था। बता दें कि ब्रिटेन के रहने वाले एडमीड्स लगभग 35 सालों से नीलामी से जुड़े हुए हैं।

सूची

इस क्लब में शामिल होंगी मल्लिका

IPL की शुरुआत से रिचर्ड मैडली नीलामीकर्ता थे। वह शुरुआती 10 सालों तक इस लीग में नीलामी कराने वाले व्यक्ति रहे। उनके बाद एडमीड्स ने 2018 में मैडली की जगह ली और तब से ये कार्यभार संभाल रहे थे। हालांकि, पिछली नीलामी में वह स्वास्थ्य कारणों से पूरी नीलामी नहीं करा सके थे। अब उनके बाद मल्लिका सिर्फ तीसरी ऐसी व्यक्ति होने वाली है, जो पूरी नीलामी में हिस्सा लेंगी।

IPL

IPL 2024 की नीलामी से जुड़ी अहम बातें 

IPL 2024 में अधिकतम 77 स्थानों को भरने के लिए बोली लगाई जाएगी। इसमें से 30 जगह विदेशी खिलाड़ियों के लिए रिजर्व हैं। सभी टीमों के पास खर्च करने के लिए कुल उपलब्ध राशि 262.95 करोड़ रुपये है। 2 करोड़ के बेस प्राइस की सूची में 23 खिलाड़ियों को हिस्सा बनाया गया है। उनमें 3 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। 1.5 करोड़ रुपये की श्रेणी में 13 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्जा कराया है।