IPL से फिर टकराएगा पाकिस्तान सुपर लीग, 2027 में एक ही समय पर होंगे दोनों टूर्नामेंट
क्या है खबर?
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) लगातार तीसरे साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साथ टकराएगी। लीग के 12वें संस्करण का आयोजन 18 मार्च से 2 मई 2027 तक किया जाएगा। 2016 से 2024 तक PSL फरवरी और मार्च में खेली जाती थी। हालांकि, ICC टूर्नामेंटों के कारण 2025 से इसे अप्रैल-मई की अवधि में आयोजित किया जाने लगा। 2025 में पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 में भारत-श्रीलंका में टी-20 विश्व कप के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।
योजना
जनवरी-फरवरी में टूर्नामेंट होने की योजना आगे नहीं बढ़ी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और PSL फ्रेंचाइजी ने पिछले महीने हुई संचालन परिषद की बैठक में 12वें संस्करण को जनवरी-फरवरी में कराने की संभावना पर चर्चा की थी।
यह चर्चा वली टेक्नोलॉजीज की ओर से मौजूदा समय में प्रसारण से होने वाली कम आय पर चिंता जताए जाने के बाद हुई।
वली टेक्नोलॉजीज के पास 2029 तक मीडिया अधिकार हैं और वह लीग की रावलपिंडिज की मालिक भी है। हालांकि, जनवरी-फरवरी में आयोजन की योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
पैसे
इस कारण PSL के दौरान नहीं मिलता विज्ञापन
वली टेक्नोलॉजीज का कहना था कि रमजान महीने में ज्यादातर कंपनियां अपने विज्ञापन का बजट खर्च कर देती हैं।
ऐसे में टीवी चैनलों के पास विज्ञापन से कमाई के लिए बहुत कम पैसा बचता है।
PSL के पिछले 2 सत्र रमजान के बाद आयोजित किए गए थे। अगले साल का संस्करण भी रमजान के बाद ही खेला जाएगा।
अगले साल रमजान फरवरी की शुरुआत में शुरू होकर मार्च की शुरुआत तक चलेगा।
मुश्किल
इस कारण जनवरी-फरवरी में PSL कराना हुआ मुश्किल
जनवरी-फरवरी में PSL कराने की योजना को मुश्किल माना गया। इसकी बड़ी वजह पंजाब का मौसम है, जहां लीग के 4 पारंपरिक आयोजन स्थलों में से 3- लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी स्थित हैं।
इन शहरों में जनवरी और फरवरी के दौरान कड़ाके की सर्दी पड़ती है।
साथ ही घने कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम होती है। ऐसे मौसम में मैचों के आयोजन और तय कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाना चुनौतीपूर्ण माना गया।
स्थल
आयोजन स्थलों का अभी जिक्र नहीं
PCB ने टूर्नामेंट के आयोजन स्थलों का कोई जिक्र नहीं किया है।
2020 में PSL को पूरी तरह पाकिस्तान में आयोजित किए जाने के बाद से इसके ज्यादातर मुकाबले कराची, लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी में खेले गए हैं।
इससे पहले तक PSL के मुकाबले पूरी तरह या आंशिक रूप से UAE में आयोजित होते थे।
2020 के बाद से इन 4 शहरों को PSL के प्रमुख आयोजन स्थलों के तौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है।