IPL: चेन्नई के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 33वें मुकाबले में आज मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीमें आमने-सामने होंगी। लीग इतिहास की सबसे सफल टीम MI के लिए मौजूदा सीजन सबसे खराब रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम अपने शुरुआती छह मैच हार चुकी है। ऐसे में आज CSK के खिलाफ रोहित बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। इस बीच रोहित के CSK के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
Cricketpedia के मुताबिक रोहित ने CSK के खिलाफ 29 मैचों में 125.75 की स्ट्राइक रेट के साथ 752 रन बनाए हैं। रोहित ने इस टीम के खिलाफ सात अर्धशतक लगाए हैं जिसमें 87 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। रोहित ने 219 IPL मैचों में 30.78 की औसत के साथ 5,725 रन बनाए हैं। उन्होंने लीग में 40 अर्धशतक और एक शतक लगाए हैं। वह लीग में तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
रोहित शर्मा और CSK के गेंदबाजों के बीच मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है। Cricketpedia के अनुसार, रोहित ने ड्वेन ब्रावो के खिलाफ 72 गेंदों में 82 रन बनाए हैं जबकि इस बीच ब्रावो ने पांच बार उन्हें आउट किया है। CSK के कप्तान रवींद्र जडेजा ने रोहित को तीन बार आउट किया है। दूसरी तरफ रोहित ने जडेजा के खिलाफ 72 गेंदों में 71 रन बनाए हैं।
रोहित ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ 2,604 गेंदों में 3,722 रन बनाए हैं और 122 बार आउट हो चुके हैं। रोहित ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ 372 चौके और 164 छक्के लगाए हैं। स्पिनर्स के खिलाफ उन्होंने 1,787 गेंदों में 2,003 रन बनाए हैं और 62 बार आउट हो चुके हैं। स्पिनर्स के खिलाफ उन्होंने 131 चौके और 69 छक्के लगाए हैं।
रोहित के लिए कप्तानी के अलावा बल्लेबाजी में भी खराब सीजन बीता है। उन्होंने IPL 2022 में फिलहाल छह मैचों में 19.00 की औसत से 114 रन बनाए हैं। इस बीच वह केवल एक बार 30 से अधिक रनों का स्कोर कर सके हैं।