Page Loader
IPL की वैल्यू पहुंची 90,000 करोड़ रुपये के पार, हासिल किया डेकाकॉर्न का दर्जा
IPL की वैल्यू में आई जबरदस्त उछाल (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

IPL की वैल्यू पहुंची 90,000 करोड़ रुपये के पार, हासिल किया डेकाकॉर्न का दर्जा

Dec 21, 2022
04:51 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के लिए नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में होनी है, इससे पहले बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, कुल वैल्यूएशन (मूल्यांकन) के मामले में भारत की प्रतिष्ठित लीग ने 10 अरब डॉलर (लगभग 82,780 करोड़ रुपये) का आंकड़ा पार कर लिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार IPL की मौजूदा वैल्यू 10.9 अरब डॉलर (लगभग 90,230 करोड़ रुपये) हो गई है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

क्या कहती है रिपोर्ट?

'बियॉन्ड 22 यार्ड्स' शीर्षक वाली एक रिपोर्ट में, डी एंड पी एडवाइजरी ने कहा कि IPL, 2023 से 2027 के लिए अपने मीडिया अधिकार बेचने के बाद बड़े पैमाने पर पहुंच गया है। लीग ने अपने पिछले चक्र की तुलना में तीन-चौथाई छलांग लगाते हुए अपने मीडिया अधिकार 6.2 अरब डॉलर (लगभग 51,323 करोड़ रुपये) में बेचे थे। यह पहला ऐसा मौका था, जिसमें विभिन्न प्रसारकों के बीच अधिकार बांटे गए थे।

जानकारी

IPL बना डेकाकॉर्न

बता दें कि जब किसी कंपनी या संस्था की मूल्य वैल्यू 10 अरब डॉलर यानी लगभग 82,700 करोड़ से अधिक हो जाती है तो उसे डेकाकॉर्न कहा जाता है। अब इंडियन प्रीमियर लीग भी इस वर्ग में जुड़ गई है।

वैल्यू

इन प्रमुख कारणों से हुआ लीग की वैल्यू में इजाफा

इस साल जून में मीडिया अधिकारों की नीलामी हुई थी, जिसमें स्टार इंडिया ने 23,575 करोड़ रुपये में टीवी अधिकार हासिल किए थे। वहीं, वायकॉम-18 ने डिजिटल अधिकारों को 23,758 करोड़ रुपये की बड़ी बोली के साथ हासिल किया था। इसके अलावा IPL 2022 में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स के रूप में दो नई टीमें जुड़ी थी, जिसके चलते भी वैल्यू में इजाफा हुआ है।

सबसे महंगी लीग

NFL के बाद दूसरी सबसे महंगी खेल लीग बना IPL

IPL ब्रॉडकास्टिंग के जरिए दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली लीग बन चुकी है। ब्रॉडकास्टिंग के जरिए IPL के एक मैच की कमाई 1.2 करोड़ डॉलर (लगभग 100 करोड़ रुपये) तक हो जाती है। अब केवल अमेरिकी फुटबॉल लीग (NFL) ही कमाई के मामले में IPL से आगे है। बता दें NFL की ब्रॉडकास्टिंग से एक मैच की कमाई 1.7 करोड़ डॉलर (लगभग 132.70 करोड़ रुपये) है।

जानकारी

महिलाओं के IPL से और बढ़ेगी लीग की वैल्यू

IPL की वैल्यू और भी बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि 2023 से महिलाओं के IPL की भी शुरुआत होने जा रही है। महिलाओं की लीग के उद्धघाटन संस्करण में छह टीमें भाग लेंगी, जिसमें प्रत्येक टीम का आधार मूल्य 400 करोड़ रुपये है। पिछले कुछ समय में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता में इजाफा हुआ है। हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज की मेजबानी की है, जिसमें मैदान पर खूब दर्शक नजर आए थे।