Page Loader
IPL 2023: नीलामी में शामिल इन शीर्ष बल्लेबाजों पर होंगी सबकी नजरें
मयंक अग्रवाल पर होगी सभी टीमों की नजरें (तस्वीर: ट्विटर/ @IPL)

IPL 2023: नीलामी में शामिल इन शीर्ष बल्लेबाजों पर होंगी सबकी नजरें

संपादन भारत शर्मा
Dec 18, 2022
07:30 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले संस्करण के लिए नीलामी 23 दिसंबर को कोच्चि में होनी प्रस्तावित है। क्रिसमस से ठीक दो दिन पहले होने वाली इस नीलामी में फ्रेंचाइजी कई बड़े खिलाड़ियों को अपना बनाने के लिए बोली लगाएगी। टी-20 में बल्लेबाजों का बड़ा दबदबा रहता है। सभी टीमों की नजरें ऐसे खिलाड़ियों पर रहती हैं तो बल्ले से मैच का पासा पलट दें। आइए IPL 2023 नीलामी में पंजीकृत शीर्ष बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

मयंक अग्रवाल

एक करोड़ के बेस प्राइस में मयंक अग्रवाल पर होगी सबकी निगाहें

मयंक अग्रवाल को पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया है। ऐसे में अब नीलामी में उन पर बड़ी बोली लग सकती है। वह IPL के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 113 मैच खेले हैं और 22.59 की औसत से 1733 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 134.28 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 12 अर्धशतक और एक शतक भी लगाया है। 2022 के IPL सीजन में उन्होंने 13 मैच में 16.33 की औसत से 196 रन बनाए थे।

हैरी ब्रूक

हैरी ब्रूक के लिए हो सकता है बड़ा मुकाबला

इंग्लैंड के 23 साल के बल्लेबाज हैरी ब्रूक किसी भी मजबूत गेंदबाजी लाइनअप को आक्रमक बल्लेबाजी से ध्वस्त कर सकते हैं। अभी तक इस खिलाड़ी ने IPL डेब्यू नहीं किया है। उन्होंने खुद को 1.5 करोड़ के बेस प्राइस में रखा है। इंग्लैंड के लिए इस खिलाड़ी ने 20 टी-20 मैच खेले हैं और 137.78 की स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं। वहीं, टेस्ट में इस खिलाड़ी ने 4 मैच की पांच पारियों में दो शतक जड़ दिए हैं।

राइली रूसो

आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं राइली रूसो

दक्षिण अफ्रीका के राइली रूसो दुनिया के शानदार टी-20 बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने IPL नीलामी में खुद को 2 करोड़ की बेस प्राइस में रखा है। दक्षिण अफ्रीका के लिए इस खिलाड़ी ने 26 मैच खेले और उनका स्ट्राइक रेट 156.02 का रहा है। इस दौरान उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। वहीं, लीग क्रिकेट के 271 मैच में 30.97 की औसत से 6877 रन बनाए हैं।इसमें उन्होंने 42 अर्धशतक और पांच शतक लगाए हैं।

केन विलियमसन

केन विलियमसन को खरीदने के लिए टीमों में लग सकती है होड़

सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम के कप्तान केन विलियमसन को ही रिलीज कर दिया है। केन ने खुद को नीलामी में दो करोड़ की बेस प्राइज में रखा है। IPL में इस खिलाड़ी के पास 76 मैच का अनुभव है। इसमें उन्होंने 2101 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 36.22 का और स्ट्राइक रेट 126.03 का रहा है। उन्होंने IPL में 18 अर्धशतक भी लगाए हैं। ऐसे में उन्हें खरीदने के लिए टीमों में होड़ मच सकती है।

IPL

कितने खिलाड़ियों की लगेगी बोली?

IPL के आगामी सीजन के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी की सभी तैयारी हो चुकी है। इसके लिए 405 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है। नीलामी में शामिल होने के लिए दुनिया भर से 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से पहले 369 खिलाड़ियों के नाम चुने गए थे, लेकिन बाद में फ्रेंचाइजियों के अनुरोध पर 36 नाम और जोड़े गए। 10 टीमों के पास कुल 87 जगह खाली हैं।

पैसा

किस टीम के पास बचा कितना पैसा?

मुंबई इंडियंस: 20.55 करोड़ रुपये। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 8.75 करोड़ रुपये। चेन्नई सुपर किंग्स: 20.45 करोड़ रुपये। दिल्ली कैपिटल्स: 19.45 करोड़ रुपये। सनराइजर्स हैदराबाद: 42.25 करोड़ रुपये। पंजाब किंग्स: 32.20 करोड़। कोलकाता नाइट राइडर्स: 7.05 करोड़ रुपये। गुजरात टाइटन्स: 19.25 करोड़ रुपये। राजस्थान रॉयल्स: 13.20 करोड़ रुपये। लखनऊ सुपरजायंट्स: 23.35 करोड़ रुपये।