IPL 2026: श्रेयस अय्यर ने CSK के खिलाफ जड़ा तीसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 7वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (50) खेली। यह उनके IPL करियर का 28वां और CSK के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 27 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही PBKS की टीम मैच में 5 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही अय्यर की पारी और साझेदारी?
PBKS को 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 95 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए कप्तान अय्यर ने कूपर कॉनॉली (36) के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 और नेहल वढेरा (10) के साथ चौथे विकेट के लिए 31 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करते हुए टीम की जीत की नींव रखी। अय्यर 29 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है अय्यर का IPL करियर?
अय्यर ने 2015 में CSK के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 135 मुकाबलों की 134 पारियों में 34.23 की औसत और 133.86 की स्ट्राइक रेट से 3,799 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 28 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 97* रन रहा है। वह अब तक 89 मैचों में कप्तानी करते हुए 52 में जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि 35 में उन्हें हार मिली है।