IPL 2026: RR ने GT को हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 9वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 6 रन से हराते हुए दूसरी जीत दर्ज की। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में RR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210/6 का स्कोर बनाया, जिसमें यशस्वी जायसवाल (55) और ध्रुव जुरेल (75) ने अर्धशतक लगाए। जवाब में GT साई सुदर्शन के संघर्ष (73) के बावजूद 204/8 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रहा रोचक मुकाबला
RR को जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी (31) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद जुरेल ने उम्दा पारी खेली और अंत में शिमरोन हेटमायर ने 18 रन का योगदान दिया। जवाब में सुदर्शन (73) और कुमार कुशाग्र (18) ने 78 रन की साझेदारी की। जोस बटलर ने 26 रन, निचले क्रम में राशिद खान (24) और कगिसो रबाडा (23*) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके। रवि बिश्नोई ने घातक गेंदबाजी (4/41) करते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई।
जायसवाल
जायसवाल ने लगाया अर्धशतक
जायसवाल ने पारी का तीसरा ओवर करने आए मोहम्मद सिराज की जमकर खबर ली। उन्होंने सिराज के खिलाफ ओवर में 2 चौके और 1 छक्का लगाते हुए अपना वर्चस्व दिखाया। बल्लेबाजी के लिए आसान नजर आ रही पिच पर उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी का अंत कगिसो रबाडा ने किया।
जुरेल
जुरेल ने अपना 5वां अर्धशतक लगाया
RR ने जब 70 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब जुरेल क्रीज पर आए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। हालांकि, क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह पारी के आखिरी ओवर के दौरान मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 42 गेंदों में 5 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 75 रन बनाए।
सुदर्शन
सुदर्शन ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
सुदर्शन ने 44 गेंदों में 73 रन की पारी खेली। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। यह उनके IPL करियर का 13वां और RR के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने अब तक 42 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 42 पारियों में 49.45 की उम्दा औसत और 146.34 की स्ट्राइक रेट से 1,879 रन बनाए हैं।
बिश्नोई
बिश्नोई ने लिए 4 विकेट, पूरे किए अपने 200 टी-20 विकेट
बिश्नोई ने 211 रन के लक्ष्य लेकर उतरी GT को 107 रन के कुल स्कोर पर साई सुदर्शन (73) के रूप में दूसरा झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला था। इसके बाद उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (3) को आउट कर टी-20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए। इसके बाद उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (4) और राहुल तेवतिया (12) को भी पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 41 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
गेंदबाजी
तुषार और आर्चर ने दिलाई जीत
GT को आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन की दरकार थी। क्रीज पर राशिद खान और कगिसो रबाडा मौजूद थे। आखिरी ओवर में तुषार देशपांडे ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिए। बता दें कि आखिरी 12 गेंदों में GT को 15 रन की दरकार थी, लेकिन 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने भी 4 रन ही दिए थे। रबाडा 16 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
ट्विटर पोस्ट
अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची RR
🚨 RAJASTHAN ROYALS AT THE TOP IN THE POINTS TABLE 🚨 pic.twitter.com/zEPx9q0hZs
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 4, 2026