IPL 2026: GT बनाम RR मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी अहमदाबाद की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 9वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा। ये मुकाबला अहमदाबाद में होगा। GT को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 3 विकेट से हार मिली थी। वहीं, RR ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी में GT पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
RR के खिलाफ GT का पलड़ा रहा है भारी
GT और RR के बीच IPL में 8 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान GT को 6 मुकाबलों में जीत मिली है। RR 2 मैच जीतने में सफल हो पाई है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच खेले गए थे। GT ने पहला मैच 58 रन से जीता था। RR को दूसरे मैच में 8 विकेट से जीत मिली थी। IPL 2024 में दोनों टीमों के बीच 1 मैच हुआ जिसे GT ने 3 विकेट से जीता था।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है RR की प्लेइंग इलेवन
RR को पहले मैच में 8 विकेट से जीत मिली थी। ऐसे में वह अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई ज्यादा बदलाव नहीं करने को देखेंगे। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से एक बार फिर जोरदार पारी की उम्मीद होगी। वहीं, गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा और जोफ्रा आर्चर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा।
GT
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है GT
GT के पहले मैच में उनके बल्लेबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में जोस बटलर और शुभमन गिल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को बेहतर करना होगा। गेंदबाजी की कमान राशिद खान और मोहम्मद सिराज संभालेंगे। कगिसो रबाडा भी अपने खराब फॉर्म को भूलाकर बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, एम शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा और मोहम्मद सिराज।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर
GT: प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर, जयंत यादव, मानव सुथार और कुमार कुशाग्र। RR: डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, सुशांत मिश्रा और तुषार देशपांडे।
स्टेडियम
कैसा रहता है पिच का मिजाज?
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। IPL को देखते हुए यहां रनों से भरी हुई पिच पर मैच हो सकता है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
एक्यूवेदर के मुताबिक 4 अप्रैल को अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच रात 7:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को गर्मी से कम परेशानी होगी। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
GT के लिए शुभमन ने पिछले 10 मैचों में 53.44 की औसत से 481 रन बनाए हैं। सुदर्शन के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 443 रन निकले हैं। RR के लिए यशस्वी ने पिछले 10 मैच में 161.25 की स्ट्राइक रेट से 490 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में प्रसिद्ध ने पिछले 10 मैच में 8.93 की इकॉनमी से 18 विकेट लिए हैं। RR से आर्चर ने पिछले 8 मैचों में 8.53 की इकॉनमी से 8 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
GT और RR के बीच यह मुकाबला 4 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।