IPL 2026: DC बनाम MI मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी दिल्ली की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। ये शनिवार को होने वाले डबल हेडर का पहला मैच होगा जो दिल्ली में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अभी तक 1-1 मुकाबले खेले हैं। DC को पहले मैच में 6 विकेट से जीत मिली थी। वहीं, MI ने भी अपना पहला मुकाबला 6 विकेट से जीता था। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
DC के खिलाफ MI का पलड़ा रहा है भारी
IPL के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान DC ने 16 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं, MI को 21 मैच में जीत मिली है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए थे। उन दोनों मैच को MI ने जीता था। IPL 2024 में भी दोनों के बीच 2 मुकाबले हुए थे। एक मैच MI ने जीता था और एक मैच में DC ने सफलता हासिल की थी।
प्लेइंग इलेवन
ये हो सकती है DC की प्लेइंग इलेवन
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ पहले मैच में मिली जीत के बाद DC अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी। हालांकि, उनकी बल्लेबाजी LSG के खिलाफ अच्छी नहीं रही थी। एक समय 4 बल्लेबाज 26 रन पर पवेलियन में थे। ऐसे में DC का शीर्ष क्रम बेहतर करने को देखेगा। संभावित एकादश: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार।
टीम
इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है MI
MI को अपने आखिरी मैच में KKR के खिलाफ 6 विकेट से जीत मिली थी। टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। ऐसे में उनसे एक बार फिर एक जोरदार शुरूआत की उम्मीद होगी। वहीं, तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के कंधों पर होगी। संभावित एकादश: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडे, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर
MI: सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिन्ज, राज बावा और अश्वनी कुमार। DC: आशुतोष शर्मा, आकिब नबी, समीर रिजवी, दुष्मंथा चमीरा और करुण नायर।
स्टेडियम
कैसा है अरुण जेटली स्टेडियम की पिच का मिजाज?
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे में उन्हें विकेट निकालने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से मदद मिलती है और उनका रिकॉर्ड भी अच्छा है। इस स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो काफी कठोर और सपाट है।
जानकारी
ऐसा रहेगा दिल्ली का मौसम
एक्यूवेदर के मुताबिक 4 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में गर्मी से खिलाड़ियों को परेशानी हो सकती है। बारिश की संभावना 35 प्रतिशत है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
DC के लिए राहुल ने पिछले 10 मैचों में 42.38 की औसत से 339 रन बनाए हैं। स्टब्स के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 221 रन निकले हैं। MI के लिए रोहित ने पिछले 10 मैच में 158.62 की स्ट्राइक रेट से 414 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में कुलदीप ने पिछले 9 मैच में 8 की इकॉनमी से 7 विकेट लिए हैं। MI बुमराह ने पिछले 10 मैचों में 6.53 की इकॉनमी से 16 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
MI और DC के बीच यह मुकाबला 4 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।