LOADING...
IPL 2026: CSK बनाम PBKS मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी चेन्नई की पिच
CSK से भिड़ेगी PBKS की टीम (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: CSK बनाम PBKS मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी चेन्नई की पिच

Apr 02, 2026
03:40 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 7वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से 3 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। CSK को अपने पहले मैच में हार मिली थी, जबकि PBKS ने अपने शुरुआती मैच में जीत दर्ज की थी। ऐसे में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

बराबरी का रहा है मुकाबला

अब तक दोनों टीमों के बीच मैचों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। IPL में ये दोनों टीमें कुल 32 मैचों में आमने-सामने थी, जिसमें से 16 मैच CSK ने जीते और 16 ही मैच PBKS ने अपने नाम किए। IPL 2025 की दोनों भिड़ंत में PBKS ने जीत दर्ज की थी। IPL 2024 में दोनों टीमें 2 मुकाबलों में आपस में भिड़ी थी, जिसमें दोनों ने 1-1 मैच अपने नाम किए थे।

CSK 

ये हो सकती है CSK की प्लेइंग इलेवन 

CSK को अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 8 विकेट से हार मिली थी। गुवाहटी में खेले गए उस मैच में CSK की टीम सिर्फ 127 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में CSK अपने अगले मैच में बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैथ्यू शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, और खलील अहमद।

Advertisement

PBKS 

इस संयोजन के साथ उतर सकती है PBKS की टीम 

PBKS के पहले मैच में डेब्यू करने वाले कूपर कोनोली ने प्रभावित किया था। उन्होंने GT के खिलाफ अपने पहले मैच में नाबाद 72 रन बनाए थे। वह अपने प्रदर्शन को दोहराने का प्रयास करेंगे। अपने पहले मैच में विकेट लेने में नाकाम रहे अर्शदीप सिंह अपनी लय हासिल करना चाहेंगे। संभावित एकादश: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशक, अर्शदीप सिंह, और युजवेंद्र चहल।

Advertisement

जानकारी

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर

CSK: सरफराज खान, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, गुरजापनीत सिंह, और श्रेयस गोपाल। PBKS: प्रियांश आर्य, हरप्रीत बराड़, यश ठाकुर, अजमतुल्लाह उमरजई, और लॉकी फर्ग्यूसन।

स्टेडियम 

कैसा है एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच का मिजाज?

चेन्नई की पिच लाल मिट्‌टी से बनी है जो आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता है। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है जो मैच आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाजों को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए नजरें जमाने होती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 163 रन है।

जानकारी

कैसा रहेगा मौसम का हाल?

एक्यूवेदर के मुताबिक 3 अप्रैल को चेन्नई में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच रात 7:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को गर्मी से कम परेशानी होगी। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें 

सैमसन ने PBKS के खिलाफ 25 पारियों में 36.18 की औसत और 142.39 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 796 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। चहल IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने CSK के विरुद्ध 7.1 की इकॉनमी रेट के साथ 23 विकेट लिए हैं। PBKS के तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक ने अपने पिछले मैच में 3 विकेट चटकाए थे।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

CSK और PBKS के बीच यह मुकाबला 3 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement