LOADING...
IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
अंगकृष रघुवंशी ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी ने लगाया लगातार दूसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 02, 2026
11:19 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 65 रन से करारी शिकस्त मिली। जीत के लिए मिले 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR ने सभी विकेट खोकर 161 रन बनाए। KKR की इस हार में अंगकृष रघुवंशी का अर्धशतक देखने को मिला। यह मौजूदा सीजन में रघुवंशी का लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

संघर्षपूर्ण रही रघुवंशी की पारी 

लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR ने जब 30 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब रघुवंशी क्रीज पर आए। उन्होंने बल्लेबाजी के लिए मददगार नजर आ रही पिच पर कुछ आकर्षक शॉट लगाए। इस युवा बल्लेबाज ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उम्दा लय में नजर आ रहे रघुवंशी 29 गेंदों में 52 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के भी लगाए।

करियर 

ऐसा रहा है रघुवंशी का IPL करियर 

रघुवंशी ने अपना पहला IPL मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ साल 2024 में खेला था। उन्होंने अब तक 24 मुकाबले खेले हैं और इसकी 20 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 31.44 की औसत से 566 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 149.73 की रही है। उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 54 रन रहा है। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 35 पारियों में 800 से अधिक रन बनाए हैं।

Advertisement