Page Loader
IPL 2025: SRH बनाम PBKS मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द मैच'
अभिषेक शर्मा को उनकी शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: SRH बनाम PBKS मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द मैच'

Apr 13, 2025
12:09 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 27वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 8 विकेट से हराकर इस संस्करण में दूसरी जीत दर्ज की। SRH ने 246 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। यह IPL इतिहास में यह दूसरा सबसे सफल रन चेज है। SRH की इस जीत में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शानदार शतकीय पारी (141) खेली। इसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार से भी नवाजा गया।

बल्लेबाजी

अभिषेक ने 40 गेंदों में पूरा किया शतक

SRH को मैच में 246 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में अभिषेक ने पहली गेंद से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और PBKS के सभी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड (66) के साथ 171 रन की साझेदारी निभाई। अभिषेक ने महज 40 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 55 गेंदों में 14 चौके और 10 छक्के लगाने के बाद आउट हुए। पारी के दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 256.36 की रही।

रिकॉर्ड

अभिषेक बने IPL में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले भारतीय 

अभिषेक IPL के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2020 में PBKS की ओर से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 132* रन बनाए थे। अभिषेक SRH के लिए सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। रन चेज करते हुए अभिषेक ने IPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया है। उन्होंने मार्कस स्टोइनिस (124*) का रिकॉर्ड तोड़ा है।

जानकारी

IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर 

अभिषेक ने IPL के इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बनाया। इस मामले में क्रिस गेल (175*) पहले और ब्रैंडन मैकुलम (158*) दूसरे नंबर पर हैं। अभिषेक ने क्विंटन डिकॉक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्हा IPL 2022 में 140* रन बनाए थे।

परिणाम

SRH ने आसानी से जीता मुकाबला

मैच में PBKS ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर (82) और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह (42) की पारियों के दम पर 245/6 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में SRH को हेड (66) और अभिषेक ने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। इन दोनों की पारियों के दम पर 246 रन का लक्ष्य एकदम छोटा लगने लगा। आखिर में SRH ने 18.3 ओवर में केवल 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।