
IPL 2025: अभिषेक शर्मा का इस संस्करण में कैसा रहा प्रदर्शन? आंकड़ों के साथ जानिए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सफर समाप्त हो चुका है।
पैट कमिंस की कप्तानी में पिछली बार फाइनल तक का सफर तय करने वाली SRH इस बार प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी।
टीम ने अपने 14 मैचों में से में 6 मैच जीते और 7 में हार (बेनतीजा-1) झेली।
SRH के लिए इस संस्करण में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। आइए उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
SRH से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे अभिषेक
अभिषेक इस संस्करण में SRH की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
उन्होंने IPL 2025 में 14 मैच में 33.77 की औसत और 193.39 की स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 2 अर्धशतक भी निकले।
उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 141 रन का रहा, जो 12 अप्रैल को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले में आया था।
SRH के लिए रन बनाने में उनसे आगे केवल हेनरिक क्लासेन (487) हैं।
रिकॉर्ड
IPL में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले भारतीय बने थे अभिषेक
अभिषेक PBKS के खिलाफ 55 गेंदों में खेली 141 रन की पारी की बदौलत IPL के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने थे।
उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा था। राहुल ने IPL 2020 में PBKS के लिए खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 132* रन बनाए थे।
इसी तरह अब अभिषेक SRH के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं।
अन्य
अभिषेक ने ये रिकॉर्ड्स भी किए अपने नाम
इस संस्करण में अपनी शतकीय पारी के दौरान अभिषेक ने कई अन्य रिकॉर्ड भी अपने नाम किए थे।
वह अब IPL इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने मार्कस स्टोइनिस का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने IPL 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 124* रन बनाए थे।
अभिषेक IPL इतिहास में 5वां सबसे तेज शतक (40 गेंद) लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। पहले स्थान पर क्रिस गेल (30 गेंद) हैं।
करियर
कैसा रहा है अभिषेक का IPL करियर?
अभिषेक ने साल 2018 में RCB के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 77 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 74 पारियों में 27.09 की औसत और 162.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,815 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 9 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141 रन का रहा है।
वह इस लीग में अब तक 101 छक्के और 174 चौके भी जड़ चुके हैं।