Page Loader
IPL 2024: श्रेयस अय्यर फिर से बने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान
KKR के कप्तान बने अय्यर (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: श्रेयस अय्यर फिर से बने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान

Dec 14, 2023
03:02 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले संस्करण में चोट के कारण नहीं खेल पाने वाले श्रेयस अय्यर अब आगामी संस्करण में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कप्तानी करेंगे। KKR ने गुरुवार (14 दिसंबर) को ये आधिकारिक ऐलान किया है। पिछले संस्करण में टीम का नेतृत्व करने वाले नितीश राणा को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। बता दें कि अय्यर पहले भी लीग में कप्तानी कर चुके हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

अय्यर

KKR के सीईओ वेंकी मैसूर ने की पुष्टि

KKR के सीईओ वेंकी मैसूर ने कप्तान के रूप में अय्यर की वापसी की पुष्टि करते हुए कहा, "यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण था कि अय्यर चोट के कारण IPL 2023 में नहीं खेल पाए थे। हमें खुशी है कि वह वापस आ गए हैं और कप्तानी करेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "हम इस बात के लिए भी आभारी हैं कि राणा पिछले सीजन में अय्यर की जगह लेने के लिए सहमत हुए थे। वह टीम के उपकप्तान होंगे।"

करियर

अय्यर के IPL करियर पर एक नजर

IPL 2022 में KKR से उन्होंने 14 मैचों में 30.85 की औसत और 134.56 की स्ट्राइक रेट से 401 रन बनाए थे। उनके IPL करियर की बात करें उन्होंने अब तक 101 मैचों में 31.55 की औसत से 2,776 रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 96 रन रहा है। ​ अपने IPL करियर में अय्यर ने अब तक कोई शतक नहीं लगाया है। हालांकि, वह 19 अर्धशतक लगा चुके हैं।

KKR 

IPL 2023 में KKR ने किया था निराश

IPL 2023 में राणा की कप्तानी में KKR प्ले-ऑफ में भी पहुंचने में नाकाम रही थी। KKR ने 14 में से अपने 6 मैच जीते थे और 8 में शिकस्त झेली थी। अंक तालिका में टीम 7वें स्थान पर रही थी। कप्तान राणा ने IPL 2023 में लगभग 32 की औसत और 141 की स्ट्राइक रेट के साथ 413 रन बनाए थे, जिसमें 3 अर्धशतक भी शामिल थे।

टीम

रिटेंशन के बाद ऐसा है KKR का पूरा दल

KKR का पूरा स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, रहमानुल्लाह गुरबाज, वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकुल रॉय, रिंकू सिंह, वैभव अरोड़ा और सुयश शर्मा। इस बार KKR ने 12 खिलाड़ियों को रिलीज किया था। ऐसे में नीलामी में वह एक नई टीम तैयार करना चाहेंगे। टीम के पर्स में 32.7 करोड़ रुपये बचे हैं। बता दें कि 19 दिसंबर को दुबई में नीलामी होनी है।

जानकारी

2 बार खिताब जीत चुकी है KKR

KKR की टीम ने 2012 में पहली बार खिताब अपने नाम किया था। 2014 में एक बार फिर वे IPL चैंपियन बने थे। दोनों बार गौतम गंभीर ने टीम की कप्तानी की थी। 2021 में इयोन मोर्गन के नेतृत्व में KKR उपविजेता रही थी।