Page Loader
IPL 2024: महेंद्र सिंह धोनी नहीं होंगे CSK के कप्तान, रुतुराज गायकवाड़ संभालेंगे टीम की कमान
महेंद्र सिंह धोनी नहीं होंगे CSK के कप्तान (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: महेंद्र सिंह धोनी नहीं होंगे CSK के कप्तान, रुतुराज गायकवाड़ संभालेंगे टीम की कमान

Mar 21, 2024
04:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आगाज शुक्रवार को गत विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मैच से होगा। इससे पहले CSK की ओर से बड़ी खबर आई है। महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन टीम के कप्तान नहीं होंगें। फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह युवा सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को टीम की कमान सौंपी है। CSK की ओर से गायकवाड़ ने ही सभी टीमों के कप्तानों के फोटोशूट में हिस्सा लिया है।

बयान

धोनी ने खुद छोड़ी कप्तानी- CSK

CSK की ओर से जारी किए गए बयान की माने तो धोनी ने खुद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। बयान में कहा गया है, "महेंद्र सिंह धोनी ने IPL 2024 की शुरुआत से पहले खुद CSK की कप्तानी छोड़ते हुए रुतुराज गायकवाड़ को सौंप दी है। रुतुराज 2019 से CSK का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्होंने इस दौरान IPL में 52 मैच खेले हैं। टीम उनके नेतृत्व में आगामी संस्करण का इंतजार कर रही है।"

कप्तानी

IPL के सबसे सफल कप्तान हैं धोनी

धोनी ने CSK के लिए सबसे पहली बार साल 2008 में कप्तानी की थी। वह इस लीग के सबसे सफल कप्तानों में पहले स्थान पर आते हैं। उन्होंने 226 मैच में अपनी फ्रेंचाइजी के लिए कप्तानी की है। इस दौरान टीम को 133 मुकाबलों में जीत मिली है। 91 मैच में CSK को हार का सामना करना पड़ा है। धोनी की कप्तानी में टीम का जीत प्रतिशत 58.84 का रहा है। 2 मुकाबलों में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।

जानकारी

धोनी की कप्तानी में CSK ने 5 बार जीता खिताब

CSK लीग की सबसे सफल टीमों में से एक है। धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को 5 IPL खिताब (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) दिलाए हैं। मुंबई इंडियंस (MI) भी रोहित की कप्तानी में 5 बार विजेता (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) बनी हैं।

करियर

शानदार रहा है धोनी का IPL करियर

धोनी ने IPL में अब तक 250 मैच खेले हैं, जिसमें 38.79 की औसत और 135.91 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,082 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 84* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 24 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वह फिलहाल लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अमूमन आखिरी ओवरों के दौरान बल्लेबाजी के लिए आने वाले धोनी 87 पारियों में नाबाद भी रहे हैं।उन्होंने 349 चौके और 239 छक्के लगाए हैं।

करियर

कैसा रहा है रुतुराज का IPL करियर?

रुतुराज ने सितंबर 2020 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक लीग में 50 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 51 पारियों में 39.07 की औसत और 135.52 की स्ट्राइक रेट से 1,797 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक के अलावा 14 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 101 रन का रहा है। वह इस लीग में अब तक 5 बार नाबाद भी रह चुके हैं।