Page Loader
IPL 2024: KKR ने बनाया IPL इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर, जानिए आंकड़े
KKR ने IPL में बनाया अपना सर्वोच्च टीम स्कोर (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: KKR ने बनाया IPL इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर, जानिए आंकड़े

Apr 03, 2024
10:04 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 16वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 272 रन का स्कोर खड़ा किया। यह IPL में उसका सर्वोच्च स्कोर होने के साथ IPL इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टीम स्कोर भी है। इससे पहले KKR का लीग में सर्वोच्च टीम स्कोर 245/6 रन का था, जो उसे साल 2018 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बनाया था।

सफलता

KKR ने इस तरह बनाया IPL इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करनेे उतरी KKR को फिलिप साल्ट (18) और सुनील नरेन (85) ने ठोस शुरुआत दिलाई। दोनों 4.2 ओवर में 60 रन जोड़ दिए। साल्ट के आउट होने के बाद नरेन ने अंगकृष रघुवंशी (54) के साथ 104 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। आखिर में आंद्रे रसेल (41) और रिंकू सिंह (26) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 270 के पार पहुंचाया और IPL में KKR का सर्वोच्च स्कोर दर्ज करा दिया।

रिकॉर्ड

SRH के नाम दर्ज है IPL इतिहास का सर्वोच्च टीम स्कोर

IPL इतिहास के सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के नाम दर्ज है। उसने इसी सीजन में 27 मार्च को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 277/3 रन बनाए थे। उससे पहले यह रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के नाम दर्ज था, जिसने 2013 संस्करण में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 263/5 का स्कोर खड़ा किया था। उसी मैच में क्रिस गेल ने IPL इतिहास की सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी (175*) भी खेली थी।