Page Loader
IPL 2024 नीलामी: पैट कमिंस को सनराजइर्स हैदराबाद ने रिकॉर्ड 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा
आखिरी बार लीग में KKR से खेलते दिखे थे कमिंस (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024 नीलामी: पैट कमिंस को सनराजइर्स हैदराबाद ने रिकॉर्ड 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा

Dec 19, 2023
04:01 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान पैट कमिंस को सनराजइर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ में खरीदा है। वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने, हालांकि उनके लगभग 1.5 घंटे बाद ही उनके हमवतन मिचेल स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदकर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसे पहले इंग्लैंड के सैम कर्रन 18.50 करोड़ रुपये के साथ सबसे महंगे खिलाड़ी थे।

IPL

IPL 2022 में कमिंस ने किया था निराश

कमिंस ने IPL 2022 में निराश किया था। उन्होंने सीजन के अपने पहले मैच में लीग का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाकर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, गेंदबाजी में वह लगातार महंगे साबित हुए और उन्हें टीम से बाहर भी किया गया। उस सीजन में उन्होंने सिर्फ 5 मैच खेले, जिसमें लगभग 11 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए और इस बीच सिर्फ 7 विकेट हासिल किए थे।

करियर

कैसा रहा है कमिंस का IPL करियर?

कमिंस ने 2014 में KKR की ओर से अपना IPL डेब्यू किया था। वह KKR के अलावा मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। IPL में उन्होंने अब तक कुल 42 मैच खेले हैं, जिसमें 30.16 की औसत और 8.54 की इकॉनमी रेट से 45 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में 152.21 की स्ट्राइक रेट और 3 अर्धशतक की मदद से 379 रन अपने नाम किए हैं।

नीलामी

IPL में सबसे महंगे बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी रह चुके हैं कमिंस 

IPL 2020 की नीलामी में कमिंस को KKR ने 15.50 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि में अपने साथ शामिल किया था। वह तब लीग इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने थे। हालांकि, उनका ये नीलामी का रिकॉर्ड टूट गया था। कमिंस अब भी इस लीग में दूसरे सबसे महंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। बता दें कि कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस (MI) ने IPL 2023 से पहली हुई नीलामी में 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा था।

टी-20 करियर

कमिंस के टी-20 करियर पर एक नजर 

अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कमिंस ने अब तक 50 मैचों में 24.54 की औसत और 7.37 की इकॉनमी रेट के साथ 55 विकेट अपने नाम किए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा है। टी-20 विश्व कप में उन्होंने 17 मैचों में 7.90 की इकॉनमी रेट के साथ 14 विकेट अपने नाम किए हैं। अपने टी-20 करियर में उन्होंने 26.67 की औसत से 143 विकेट लिए हैं।