Page Loader
IPL 2024: अभिषेक शर्मा ने SRH के लिए बनाया सबसे तेज अर्धशतक, जानिए आंकड़े
अभिषेक शर्मा ने SRH के लिए खेली तूफानी पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: अभिषेक शर्मा ने SRH के लिए बनाया सबसे तेज अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Mar 27, 2024
08:54 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 8वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आतिशी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (63) जड़ा। यह उनके IPL करियर का 5वां और इस सीजन का पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने महज 16 गेंदों में पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह SRH के लिए IPL के इतिहाल में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

बल्लेबाजी

ऐसी रही अभिषेक की पारी और साझेदारी 

SRH को 45 रन के स्कोर पर मयंक अग्रवाल (11) के रूप में पहला झटका लगा था। उसके बाद अभिषेक बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और महज 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। वह पारी में 273.91 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंद में 63 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 7 बेहतरीन छक्के जड़े। उन्होंने ट्रेविस हेड (62) के साथ 68 रन की साझेदारी निभाई।

रिकॉर्ड

अभिषेक ने तोड़ा हेड का रिकॉर्ड

इसी पारी में हेड ने भी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था और SRH के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन कुछ ही देर में अभिषक ने 16 गेंद में अर्धशतक जड़कर उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया। SRH के लिए डेविड वार्नर तीसरा और चौथा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2015 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ और 2017 में KKR के खिलाफ 20-20 गेंदों में अर्धशतक जड़े थे।

करियर

कैसा रहा है अभिषेक का IPL करियर?

अभिषेक ने साल 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने IPL करियर की आगाज किया था। वह अब तक 49 मैच की 47 पारियों में 24.07 की औसत और 142.63 की स्ट्राइक रेट के साथ 987 रन बना चुके हैं। उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 75 रन का रहा है। वह अब तक 6 बार नाबाद भी रह चुके हैं। इसी तरह उन्होंने 22 पारियों में 9 विकेट भी अपने नाम किए हैं।