Page Loader
IPL 2023: क्या है दिल्ली कैपिटल्स की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण 
1 अप्रैल को अपना पहला मैच खेलेगी दिल्ली (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: क्या है दिल्ली कैपिटल्स की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण 

Mar 26, 2023
04:06 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 सीजन की शुरुआत 31 मार्च को गुजरात टाइटंस (GT) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के बीच मैच से होगी। दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ करेगी। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ऋषभ पंत इस बार नहीं खेलेंगे और टीम नए कप्तान डेविड वार्नर की कप्तानी में खेलेगी। आइए इस टीम की कमजोरी और मजबूती के बारे में विस्तार से जानते हैं।

टीम 

IPL 2023 के लिए दिल्ली की पूरी टीम 

IPL में दिल्ली अब तक एक भी खिताब नहीं सकी है और नए कप्तान के नेतृत्व में इस बार टीम नया इतिहास रचना चाहेगी। दिल्ली की पूरी टीम: डेविड वार्नर (कप्तान), पृथ्वी शॉ, रिपल पटेल, रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, यश ढुल, मिचेल मार्श, ललित यादव, अक्षर पटेल, एनरिक नोर्खिया, चेतन सकारिया, कमलेश नागरकोटी, खलील अहमद, लुंगी एनगिडी, मुस्तफिजुर रहमान, अमन खान, कुलदीप यादव, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, फिल सॉल्ट, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार, मनीष पांडे और रिले रोसौव।

मजबूती 

क्या है दिल्ली की मजबूती? 

दिल्ली के पास पृथ्वी शॉ, वार्नर और मिचेल मार्श की तिकड़ी के साथ दिल्ली का शीर्षक्रम मजबूत नजर आ रहा है। मार्श ने भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में जोरदार बल्लेबाजी की है। रोवमैन पॉवेल और राईली रूसोव अच्छे बैकअप विदेशी खिलाड़ी हैं। कुलदीप यादव और अक्षर ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय सफेद गेंद क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। एनरिक नोर्खिया और खलील अहमद टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं।

कमजोरी 

क्या है दिल्ली की सबसे बड़ी कमजोरी? 

दिल्ली की टीम में अच्छे मैच फिनिशर की कमी साफ तौर पर देखी जा सकती है। दिल्ली में मनीष पांडे मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए दिख सकते हैं, लेकिन पिछले कुछ सीजन में उनका स्ट्राइक रेट अच्छा नहीं रहा है। फिनिशर की भूमिका निभाने की जिम्मेदारी ललित यादव और अक्षर पर आ सकती है। अक्षर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी बल्लेबाजी में सुधार किया है। वह इस मौके को भुनाने का प्रयास करेंगे।

विकेटकीपर 

पंत की गैरमौजूदगी में कौन होगा विकेटकीपर?

पंत की गैरमौजूदगी में सरफराज खान का विकेटकीपर के तौर पर खेलना तय माना जा रहा था, लेकिन वह चोट के कारण शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे। इसका सीधा सा मतलब है कि इंग्लैंड के फिल सॉल्ट विकेटकीपर की भूमिका में खेलते हुए दिखेंगे। बता दें कि सॉल्ट और सरफराज के अलावा टीम में कोई अन्य विकेटकीपर मौजूद नहीं हैं। अगर सॉल्ट खेलते हैं तो पॉवेल और रोसौव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल होगा।

प्लेइंग इलेवन 

पहले मैच में ऐसी हो सकती है दिल्ली की प्लेइंग इलेवन 

दिल्ली के लिए पृथ्वी और वार्नर की जोड़ी पारी की शुरुआत करती हुई नजर आएगी। जबरदस्त फॉर्म में चल रहे मार्श नंबर 3 पर और अनुभवी मनीष पांडे नंबर 4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। ललित और अक्षर के रूप में दो ऑलराउंडर टीम का हिस्सा हो सकते हैं। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप इकलौते विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाज होंगे। इनके अलावा तेज गेंदबाजी में खलील अहमद, चेतन सकारिया और नोर्खिया की तिकड़ी एक साथ नजर आ सकती है।