Page Loader
IPL 2023: पंजाब किंग्स को बड़ा झटका, राज अंगद बावा पूरे सीजन से हुए बाहर
राज अंगद बावा पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: पंजाब किंग्स को बड़ा झटका, राज अंगद बावा पूरे सीजन से हुए बाहर

Apr 05, 2023
01:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स (PBKS) को एक और बड़ा झटका लगा है। युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उन्हें फ्रेंचाइजी ने 2 करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा था। उनके बाएं कंधे की चोट के कारण लीग से बाहर होना पड़ा है। उनकी जगह गुरनूर सिंह बराड़ को टीम के साथ जोड़ा गया है। पहले मुकाबले में भी बावा नहीं खेल पाए थे। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

डेब्यू

कौन हैं गुरनूर सिंह बराड़ जिन्हें बावा की जगह मिला है मौका 

गुरनूर सिंह पंजाब के रहने वाले हैं। वह ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं और पंजाब के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में रेलवे के खिलाफ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 5 मैच खेले हैं और 7 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। वह 26.75 की औसत से 107 रन भी बना चुके हैं। लिस्ट-A क्रिकेट में उन्हें सिर्फ 1 मैच खेलने का मौका मिला है।

IPL

IPL में कैसा रहा है बावा का प्रदर्शन?

बावा ने IPL में पिछले सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्हें 2 मुकाबलों में मौका मिला, लेकिन वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। 5.5 की औसत से उनके बल्ले से सिर्फ 11 रन निकले थे। उनका स्ट्राइक रेट 78.57 का था। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी को एक भी विकेट नहीं मिल पाया था। बावा ने पिछले साल खेले गए अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था।

आंकड़े

फर्स्ट क्लास में बावा के आंकड़े 

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बावा ने साल 2022 में डेब्यू किया था, वहीं लिस्ट- A क्रिकेट में उन्होंने अपना पहला मैच न्यूजीलैंड- A के खिलाफ खेला था। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2 मैच खेले हैं और 50.66 की औसत से 152 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 विकेट भी झटके हैं। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 29.66 की औसत से 89 रन बनाए हैं और 28.66 की औसत से 5 विकेट भी झटके हैं।

बाहर

जॉनी बेयरस्टो भी हो चुके हैं पूरे IPL सीजन से बाहर

पंजाब का एक और धाकड़ खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो IPL का हिस्सा नहीं हैं। चोट के कारण वह पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं और उनके विकल्प के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू शॉर्ट को टीम में शामिल किया गया है। बेयरस्टो टी-20 विश्व कप से ठीक पहले चोटिल हुए थे और अब तक फिट नहीं हो सके हैं। 27 साल के शॉर्ट ने अब तक 67 टी-20 मुकाबलों में लगभग 24 की औसत के साथ 1,409 रन बनाए हैं।