
IPL 2023 की शुरुआत मार्च के अंतिम सप्ताह में हो सकती है- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस साल दिसंबर के मध्य में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 सीजन के लिए नीलामी आयोजित करने की योजना बना रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि 16 दिसंबर को नीलामी हो सकती है।
Cricbuzz के मुताबिक IPL 2023 की शुरुआत मार्च के अंतिम सप्ताह में हो सकती है।
BCCI अधिकारियों से संकेत मिले हैं कि फ्रेंचाइजी के बीच अस्थायी कार्यक्रम पर चर्चा की गई है।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
जानकारी
इस बार फ्रेंचाइजी के पास पांच करोड़ रुपये रिजर्व होंगे
जाहिर है कि दिसंबर 2022 में मिनी ऑक्शन होना है।
नीलामी के लिए पर्स अधिकतम 95 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जो पिछले साल से पांच करोड़ रुपये अधिक है, जिसका सीधा सा अर्थ है कि प्रत्येक टीम के पास शुरुआत में कम से कम पांच करोड़ रुपये उपलब्ध होंगे।
इस बीच अगर कोई फ्रैंचाइजी अपने खिलाड़ियों को रिलीज करती है या उन्हें ट्रेड करती है तो पर्स और भी बढ़ सकता है।
फॉर्मेट
होम और अवे फॉर्मेट में खेला जाएगा पुरुषों का IPL 2023
BCCI के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने जानकारी दी थी कि पुरुषों के IPL का अगला सीजन होम और अवे फॉर्मेट में फिर से खेला जाएगा। इसमें सभी 10 टीमें अपने घरेलू मैच अपने निर्धारित स्थानों पर खेलेंगी।
बता दें पिछला सीजन सीमित मैदानों में ही खेला गया था और लीग में पहली बार शिरकत करने वाली गुजरात टाइटंस ने IPL 2022 के खिताब पर कब्जा किया था।
फॉर्मेट
इस तरह से खेला जाता रहा है होम एंड अवे फॉर्मेट
कोरोना महामारी से पहले सभी आठ मौजूदा टीमों के अपने निर्धारित घरेलू मैदान थे। IPL सीजन के दौरान प्रत्येक टीम के पास सात घरेलू और इतने ही घर से दूर मैच होते थे।
हालांकि, कोरोना के भीषण प्रकोप के बीच UAE ने 2020 संस्करण की मेजबानी की। वहीं 2021 में दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई और चेन्नई में मैच आयोजित किए गए थे।
इसके अलावा मुंबई और पुणे ने 2022 सीजन (कोलकाता और अहमदाबाद में प्लेऑफ) की मेजबानी की।
CSK
CSK ने जडेजा के ट्रांसफर की अफवाहों का खंडन किया
वहीं CSK ने रविंद्र जडेजा के गुजरात टाइटन्स या दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड करने के बारे में सभी अफवाहों का खंडन किया है।
IPL 2022 के बाद से CSK टीम प्रबंधन के साथ जडेजा के मतभेद की अफवाहों ने खूब जोर पकड़ा था। उसके बाद CSK के CEO ने भी स्पष्ट किया था कि जडेजा और टीम के रिश्ते पहले की तरह अच्छे हैं।
बता दें जडेजा ने बीच सीजन में एमएस धोनी को कप्तानी वापस सौंप दी थी।