Page Loader
IPL 2022: बेंगलुरु में 12 और 13 फरवरी को होगा मेगा ऑक्शन- रिपोर्ट
बेंगलुरु में होगा मेगा ऑक्शन

IPL 2022: बेंगलुरु में 12 और 13 फरवरी को होगा मेगा ऑक्शन- रिपोर्ट

Dec 23, 2021
01:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन की प्रक्रिया 30 नवंबर को पूरी हुई थी। पिछले सीजन में हिस्सा लेने वाली आठ टीमों ने ज्यादातर अपने-अपने बड़े खिलाड़ियों को रिटेन किया था। इस कड़ी में अब IPL 2022 से पहले मेगा ऑक्शन होना है। इस बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगा। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

भारत का वनडे मैच होने के बावजूद 12 और 13 को होगा ऑक्शन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से आधिकारिक ऐलान अभी होना बाकि है, लेकिन cricbuzz के मुताबिक IPL अधिकारियों ने गुरुवार (23 दिसंबर) को प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए बुलाया है। ऑक्शन के दिन (12 फरवरी) में भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में वनडे मुकाबला खेला जाना तय है। अंतरराष्ट्रीय वनडे होने के बावजूद मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होना है।

ऑक्शन

हो सकता है आखिरी मेगा ऑक्शन

ऐसी खबरें आ रही हैं कि फरवरी में होना वाला ऑक्शन IPL का आखिरी ऑक्शन हो सकता है। दरअसल, अधिकांश फ्रेंचाइजी अब इसे बंद करना चाहती हैं। ज्यादातर टीमों का मानना है कि हर तीन साल में नीलामी होने पर टीम संयोजन बिगड़ जाता है। दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने रिटेंशन के बाद कहा था कि टीम बनाने के प्रयास में खिलाड़ियों को रिलीज करना फ्रेंचाइजी के लिए कठिन होता है।

आयोजन

2011 के बाद पहली बार IPL में खेलेंगी 10 टीमें

2011 के बाद यह पहला मौका होगा जब IPL में 10 टीमें खेलती नजर आएंगी। लीग में चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें पहले से ही खेल रही हैं। अब दो नई फ्रेंचाइजियां भी लीग का हिस्सा बन चुकी हैं। एक टीम लखनऊ से तो वहीं दूसरी अहमदाबाद से खेलती दिखेगी।

रिपोर्ट

अप्रैल के पहले हफ्ते से शुरू हो सकता है अगला सीजन

IPL का अगला संस्करण भारत में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह हाल ही में ये स्पष्ट कर चुके हैं। इस बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड 02 अप्रैल 2022 से IPL के अगले संस्करण को शुरू करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा उद्धघाटन मैच के चेन्नई में खेले जाने की उम्मीद है। वहीं फाइनल के जून के पहले सप्ताह में होने की संभावना है।