
IPL के इन 5 संस्करणों में एक टीम के 2 बल्लेबाजों ने बनाए हैं 600+ रन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है।
अब तक 3 टीमों ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है।
IPL 2025 में गुजरात टाइटंस (GT) के साई सुदर्शन और शुभमन गिल 600 से अधिक रन बना चुके हैं और कुछ बल्लेबाज इस आंकड़े को छूने की कोशिश में हैं।
इस बीच उन टीमों के बारे में जानते हैं, जिनके 2 बल्लेबाजों ने किसी एक सीजन में 600 से अधिक रन बनाए हैं।
#1
विराट कोहली और क्रिस गेल (RCB, 2013)
IPL 2013 में RCB से खेलते हुए विराट कोहली और क्रिस गेल ने जोरदार प्रदर्शन किया था।
कोहली ने उस सीजन में 16 पारियों में 45.28 की औसत और 138.73 की स्ट्राइक रेट से 634 रन बनाए थे। उन्होंने तब 99 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 अर्धशतक लगाए थे।
गेल ने उस सीजन में 16 पारियों में 59.00 की औसत और 156.29 की स्ट्राइक रेट से 708 रन बनाए थे। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे।
#2
विराट कोहली और एबी डिविलियर्स (RCB, 2016)
IPL 2016 में RCB को फाइनल तक पहुंचाने में कोहली और एबी डिविलियर्स की अहम भूमिका रही थी।
कोहली ने उस सीजन में 16 पारियों में 81.08 की अविश्वनीय औसत और 152.03 की स्ट्राइक रेट के साथ 973 रन बनाए थे। उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए थे।
डिविलियर्स ने उस सीजन में 52.84 की औसत और 168.79 की स्ट्राइक रेट से 687 रन बनाए थे। उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे।
#3
फाफ डु प्लेसिस और रुतुराज गायकवाड़ (CSK, 2021)
IPL 2021 का खिताब CSK ने अपने नाम किया था। उन्हें विजेता बनाने में फाफ डु प्लेसिस और रुतुराज गायकवाड़ ने अहम योगदान दिया था।
उस सीजन में गायकवाड़ ने 45.35 की औसत से 635 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया था। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए थे।
वहीं, डु प्लेसिस ने 45.21 की औसत के साथ 633 रन बनाए थे, जिसमें 6 अर्धशतक शामिल थे।
#4
फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली (RCB, 2023)
IPL 2023 में RCB की ओर से डु प्लेसिस और कोहली का बल्ला खूब चला था।
डु प्लेसिस ने उस सीजन में 14 पारियों में 56.15 की औसत और 153.68 की स्ट्राइक रेट के साथ 730 रन बनाए थे। उन्होंने 8 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे।
कोहली ने 14 पारियों में 53.25 की औसत और 139.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 639 रन बनाए थे। उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक भी लगाए थे।
#5
साई सुदर्शन और शुभमन गिल (GT, 2025)
IPL 2025 में GT ने प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का किया है। इस सीजन में सुदर्शन और गिल की सलामी जोड़ी ने अविश्वसनीय प्रदर्शन किया है।
सुदर्शन ने अब तक 12 पारियों में 56.09 की औसत और 156.99 की स्ट्राइक रेट से 617 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं।
गिल ने मौजूदा सीजन में 12 पारियों में 60.10 की औसत और 155.69 की स्ट्राइक रेट से 601 रन बनाए हैं।