Page Loader
पहला टेस्ट: भारतीय टीम ने 421 रन पर घोषित की पहली पारी, बनाई 271 की बढ़त 
भारतीय टीम ने 421 रन पर घोषित की पहली पारी (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

पहला टेस्ट: भारतीय टीम ने 421 रन पर घोषित की पहली पारी, बनाई 271 की बढ़त 

Jul 14, 2023
11:11 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी 5 विकेट के नुकसान पर 421 रन पर घोषित की है। भारत से यशस्वी जायसवाल ने 171 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने भी शतक (103) लगाया। इसके साथ ही भारत ने वेस्टइंडीज की पहली पारी (150/10) के जवाब में 271 रनों की बढ़त हासिल की है। भारत की पारी पर एक नजर डालते हैं।

जायसवाल 

जायसवाल ने बनाए 171 रन 

भारतीय क्रिकेट टीम की ओर से पारी की शुरुआत करने आए यशस्वी जायसवाल ने संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने संयम दिखाते हुए 215 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया था। वह विंडसर पार्क में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन के दौरान आउट हो गए। उन्होंने 387 गेंदों का सामना करते हुए शानदार 171 रन बनाए थे, जिसमें 16 चौके और 1 छक्का शामिल था।

रोहित 

रोहित ने लगाया 10वां टेस्ट शतक 

रोहित ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए 220 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 103 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच उन्होंने जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 229 रनों की साझेदारी करते हुए भारत को बढ़त दिला दी थी। रोहित ने घर से बाहर (विदेशों में) अपना केवल दूसरा टेस्ट शतक बनाया। इस प्रारूप में उनका विदेशों में पहला शतक 2021 में इंग्लैंड में आया था।

कोहली 

कोहली ने लगाया 29वां अर्धशतक 

विंडसर पार्क में जारी पहले टेस्ट में विराट कोहली ने संभलकर बल्लेबाजी की और 147 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह गेंदों के लिहाज से टेस्ट करियर में उनका तीसरा सबसे धीमा अर्धशतक रहा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे कोहली 182 गेंदों में 76 रन बनाकर 5वें विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने अपने पारी में 5 चौके लगाए। इस बीच कोहली को 2 जीवनदान भी मिले।