Loading...
भारतीय क्रिकेटर पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
पूनम राउत ने लिया संन्यास (तस्वीर: एक्स/@ICC)

भारतीय क्रिकेटर पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

Oct 16, 2026
09:46 am

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व सलामी बल्लेबाज पूनम राउत ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 2009 से 2021 के बीच भारत के लिए 4 टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। वह आखिरी बार 2021 में भारत की ओर से टेस्ट मैच में खेलती हुई नजर आई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास की घोषणा की है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

पोस्ट 

राउत ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

राउत ने पोस्ट करते हुए लिखा, 'भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल से कहीं बढ़कर रहा है। इसने मेरे व्यक्तित्व को गढ़ा है, मुझे विपरीत परिस्थितियों में डटे रहना सिखाया है, और मुझे ऐसी यादें दी हैं जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। भारत की जर्सी पहनना एक ऐसा सपना था जो सच हो गया, और मुझे जो भरोसा और समर्थन मिला, उसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।'

पोस्ट 

राउत ने घरेलू टीम का भी आभार व्यक्त किया 

राउत ने अपने करियर को संवारने का श्रेय अपनी घरेलू टीम को भी दिया। उन्होंने मुंबई की ओर से घरेलू क्रिकेट में शिरकत की थी।

उन्होंने इस बारे में कहा, 'मेरे शुरुआती सालों में मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं। वहां मुझे जो मौके और मार्गदर्शन मिले, उन्होंने ही मेरे क्रिकेट सफर की नींव रखी।'

ADVERTISEMENT

करियर 

ऐसा रहा राउत का अंतरराष्ट्रीय करियर 

दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाली राउत ने टेस्ट में 7 पारियों में 44.00 की औसत के साथ 264 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने एक शतक भी लगाया।

वनडे में उन्होंने 73 पारियों में 34.83 की औसत और 58.26 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,299 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 15 अर्धशतक लगाए।

उन्होंने 31 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 27.65 की औसत और 92.17 की स्ट्राइक रेट से 719 रन बनाए।

ADVERTISEMENT

रिकॉर्ड 

राउत के नाम दर्ज है साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड 

2017 में महिला वनडे में आयरलैंड के खिलाफ, राउत ने दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर 320 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी, जो अब भी विश्व रिकॉर्ड है।

महिलाओं के इतिहास में यह पहली बार था जब किसी जोड़ी ने 300 रनों की साझेदारी की थी।

वनडे विश्व कप 2017 में राउत का बल्ला खूब चला था। उन्होंने 42.33 की औसत से 9 पारियों में 381 रन बनाए थे।

ADVERTISEMENT